धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ दशहरा संपन्न

धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ दशहरा संपन्न

संक्षेप:

भवनाथपुर में शारदीय नवरात्र के दौरान मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन भक्तिमय माहौल में हुआ। श्रद्धालुओं ने विभिन्न पूजा पंडालों में माता का दर्शन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। विसर्जन शोभायात्रा में...

Oct 04, 2025 01:56 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share

भवनाथपुर, प्रतिनिधि। प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्र मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के साथ भक्तिमय माहौल में संपन्न हुआ। विभिन्न पूजा पंडालों और मंदिरों में नवमी व दशमी को श्रद्धालुओं ने माता का दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की। टाऊनशिप दुर्गा मंदिर, रेलवे साइडिंग, सिंदुरिया घाघरा, अरसली, सिंघिताली, झगराखाड़, चपरी, मकरी, बनखेता, झुमरी, सीडी टाऊनशिप और बुका प्रखंड परिसर में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। टाऊनशिप दुर्गा मंदिर में नवमी पर भंडारा का आयोजन इंटक यूनियन के सचिव आलोक त्रिपाठी उर्फ टूलू बाबा की ओर से किया गयाद्ध वहीं जय मां भवानी क्लब बुका ब्लॉक मेन गेट पर जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा और पंचायत मुखिया बेबी देवी ने महाप्रसाद वितरण किया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

गुरुवार को कई स्थानों पर प्रतिमाओं का विसर्जन हुआ। वहीं कुछ गांवों में शुक्रवार को किया जाएगा। विसर्जन शोभायात्रा के दौरान भक्तों ने ढोलक-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नृत्य कर माहौल को भक्ति से सराबोर कर दिया। अबीर-गुलाल लगाकर एक-दूसरे के साथ खुशी साझा की गई। ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में माता के जयकारों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं ने विभिन्न जलाशयों में प्रतिमाओं का विसर्जन किया। प्रतिमा विसर्जन से पूर्व पूजा-पाठ कर भक्तों ने माता से सुख-समृद्धि की प्रार्थना की और अगले वर्ष पुनः आने का निमंत्रण दिया। पंडाल समितियों ने सुसज्जित वाहनों पर प्रतिमाओं का भ्रमण भी कराया। उसमें भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। सुरक्षा की दृष्टि से थाना प्रभारी रजनी रंजन के नेतृत्व में पुलिस बल लगातार गश्त करता रहा। वहीं सीओ शंभू राम ने पूरे कार्यक्रम की मॉनिटरिंग की। प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा घेरा बनाकर पूरे आयोजन को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया गया।