राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह शुरू, जागरूकता रथ रवाना
फोटो संख्या प्रताप दो- हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना करते डीसी दिनेश यादव सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देश के आलोक मे

गढ़वा, प्रतिनिधि। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के निर्देश के आलोक में एक जनवरी 2026 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 का आयोजन किया जा रहा है। उसी क्रम में समाहरणालय परिसर से सोमवार को डीसी दिनेश यादव व पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उक्त अवसर पर डीसी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जन-जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। “सीख से सुरक्षा, टेक्नोलॉजी से परिवर्तन” थीम के तहत यह जागरूकता रथ गढ़वा जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में भ्रमण कर आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेगा।
रथ के माध्यम से हेलमेट एवं सीट बेल्ट के उपयोग, यातायात नियमों के पालन, ओवरस्पीडिंग से बचाव, नशे की हालत में वाहन न चलाने तथा सुरक्षित ड्राइविंग से संबंधित महत्वपूर्ण संदेश आमजन तक पहुंचाए जाएंगे। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता से ही दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सकती है। हस्ताक्षर कर सड़क सुरक्षा का दिया संदेश उक्त अवसर पर डीसी, एसपी सहित उपस्थित सभी पदाधिकारी एवं कर्मियों ने हस्ताक्षर अभियान बोर्ड पर हस्ताक्षर कर सड़क सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने आमजनों से यातायात नियमों का पालन करने, सुरक्षित ड्राइविंग अपनाने तथा दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का संदेश दिया। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत जिले में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम, रैलियाँ, शिविर एवं प्रचार-प्रसार गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी। प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन कर स्वयं की व दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




