
गढ़वा की स्वास्थ्य व्यवस्था में सुधार के लगातार हो रहे प्रयास: उपायुक्त
बाबू दिनेश सिंह यूनिवर्सिटी में आज मेगा ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय और सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मेग
गढ़वा, प्रतिनिधि। बाबू दिनेश सिंह विश्वविद्यालय और सदर अस्पताल के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को मेगा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। यह कैंप झारखंड स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग झारखंड के निर्देशानुसार आयोजित किया गया। शिविर का उद्घाटन गुरुपद संभव सभागार में मुख्य अतिथि उपायुक्त दिनेश कुमार यादव, कुलाधिपति दिनेश प्रसाद सिंह और कुलपति प्रोफेसर एमके सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। मौके पर उपायुक्त ने कहा कि जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था अभी भी संतोषजनक नहीं है। उसमें और सुधार की जरूरत है। उसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल के ब्लड बैंक में अक्सर रक्त की कमी बनी रहती है।

ऐसे आयोजन से रक्त की कमी कुछ हद तक दूर होगी। मौके पर विश्वविद्यालय के कुलाधिपति ने मेगा रक्तदान शिविर के सफल आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि गढ़वा जिला अत्यंत पिछड़ा क्षेत्र होने के बावजूद यहां बच्चों को शिक्षा प्रदान करने का जो प्रयास विश्वविद्यालय द्वारा किया जा रहा है वह सराहनीय है। उन्होंने कहा कि सभी अपने कार्य पर पूर्ण निष्ठा और मनोयोग से निष्पादित करें। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की वह अपनी पढ़ाई ध्यान दें। हमारा लक्ष्य प्रत्येक छात्र-छात्रा को उच्च-गुणवत्तापूर्ण और किफायती शिक्षा प्रदान करना है। रक्तदान शिविर निश्चित रूप से मरीजों के लिए जीवनदायी सिद्ध होगा। कुलपति प्रोफेसर सिंह ने कहा कि रक्तदान महादान है। यह न केवल जीवन बचाता है बल्कि समाज में मानवता और सहयोग की भावना को भी मजबूत बनाता है। कैंप में विश्वविद्यालय के विभिन्न कॉलेजों देवकी महावीर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज एवं रिसर्च हॉस्पिटल, वनांचल कॉलेज ऑफ साइंस, वनांचल डेंटल कॉलेज एवं हॉस्पिटल, दिनेश कॉलेज ऑफ एजुकेशन, वनांचल कॉलेज ऑफ नर्सिंग, वनांचल कॉलेज ऑफ साइंस, विधि, इंजीनियरिंग एवं प्रौद्योगिकी, प्रबंधन एवं सूचना प्रौद्योगिकी विभाग के विद्यार्थियों, कर्मचारियों तथा शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। शिविर में 100 यूनिट से अधिक रक्तदान किया गया। उक्त अवसर पर रक्तदान करने वालों को प्रमाण पत्र दिया गया। मौके पर सिविल सर्जन, डॉ. जॉन एफ कैनेडी, डॉ. पारल मिंज, प्रदीप कुमार, डॉ. माहेरू यमानी, गौरव कुमार, दयानंद ठाकुर, विश्वविद्यालय के कुलसचिव, परीक्षा नियंत्रक डॉ. अजय भूषण प्रसाद, सीइओ डॉ. ललन कुमार, एओ सुभाष कुमार, प्रवीण कुमार सिंह, राकेश कुमार सिंह, डॉ. एके सिन्हा, पंकज सिन्हा, शंभू राम सहित अन्य मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


