
समाज के हर वर्ग को बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल को आगे आना चाहिए: पीडीजे
प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार ने वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्धजनों की सुविधाओं का अवलोकन करते हुए समाज को बुजुर्गों के सम्मान का संदेश दिया। कार्यक्रम में गर्म वस्त्र, स्नैक्स और अन्य आवश्यक सामग्री वितरित की गई, जिससे वृद्धजन भावुक और खुश दिखाई दिए।
गढ़वा, प्रतिनिधि। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश मनोज कुमार ने शनिवार को श्रीबंशीधर नगर स्थित वृद्धाश्रम का निरीक्षण किया। मौके पर उन्होंने वृद्धजनों के रहन-सहन, सुविधा व व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। पीडीजे ने सभी को संबोधित करते हुए समाज के हर वर्ग को बुजुर्गों के सम्मान और देखभाल के प्रति सजग रहने का संदेश दिया। निरीक्षण के क्रम में वह राज्य स्तर पर विभिन्न जिलों के ओल्ड एज होम में आयोजित कार्यक्रम में सीधे वर्चुअल माध्यम से भी शामिल हुए। वर्चुअल मीटिंग के बाद वृद्धजनों के बीच विशेष वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। पीडीजे की ओर से वहां रहने वाले वृद्धों के बीच कंबल, जैकेट, स्वेटर, गर्म टोपी व मोजे, शाल व गर्म वस्त्र, वार्म एयर ब्लोअर, मॉस्किटो नेट, स्नैक्स, मिठाई व अन्य खाद्य सामग्री टॉवल सहित अन्य आवश्यक दैनिक उपयोग की वस्तुएं दिए गये।

उक्त वस्तुओं को प्राप्त कर वृद्धजन भावुक और प्रसन्न दिखाई दिए। कार्यक्रम में जिला समाज कल्याण पदाधिकारी धीरज प्रकाश, प्रखंड विकास पदाधिकारी रौशन कुमार, नगर परिषद कार्यपालक पदाधिकारी राजकमल, मेडिकल टीम सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मी उपस्थित थे। सभी अधिकारियों ने सामूहिक रूप से वृद्धाश्रम में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। वृद्धाश्रम प्रशासन ने इस पहल की सराहना करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा सभी अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




