जयंती पर याद किए गए सिद्धो-कान्हू, दी गई श्रद्धांजलि
झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमिटी द्वारा संथाल विद्रोह के महानायक, अमर शहीद सिद्धो-कान्हू की जयंती गरिमामय और श्रद्धापूर्ण वातावरण में मनाई गई।

गढ़वा, प्रतिनिधि। झारखंड मुक्ति मोर्चा जिला कमेटी द्वारा संथाल विद्रोह के महानायक, अमर शहीद सिदो-कान्हू की जयंती मनाई गई। जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने वीर शहीदों की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया और उनके संघर्षपूर्ण जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प दोहराया। कार्यक्रम के दौरान संथाल विद्रोह की ऐतिहासिक महत्ता और सिदो-कान्हू के अद्वितीय योगदान पर विस्तार से चर्चा की गई। उनके नेतृत्व में आदिवासी समाज ने अंग्रेजों के अत्याचारों के विरुद्ध जो संगठित संघर्ष किया, वह भारतीय स्वतंत्रता संग्राम का एक महत्वपूर्ण और गौरवशाली अध्याय है। उनका दिया हुआ संदेश आज भी समाज में आत्मसम्मान, एकता और अधिकारों के प्रति जागरुकता का प्रतीक बना हुआ है।
उक्त अवसर पर सचिव शरीफ अंसारी ने कहा कि सिदो-कान्हू का जीवन हमें अन्याय के खिलाफ डटकर खड़े होने और अपनी संस्कृति, परंपरा तथा अधिकारों की रक्षा के लिए सदैव सजग रहने की प्रेरणा देता है। आवश्यकता है कि नई पीढ़ी उनके विचारों को आत्मसात करे और समाज में सकारात्मक बदलाव लाएं।झामुमो केंद्रीय सदस्य मनोज ठाकुऱ ने कहा कि राज्य सरकार जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने के लिए निरंतर प्रयासरत है, जो इन महान शहीदों के सपनों को साकार करने की दिशा में एक सशक्त कदम है। उनका नारा करो या मारो औऱ अंग्रेज़ हमारी माटी छोड़ो हम झारखंडवासियों के मन में जोश भरने का काम करता है। अंत में उपस्थित लोगों ने एक स्वर में अमर शहीद सिदो-कान्हू के बताए मार्ग पर चलने और समाज के उत्थान के लिए निरंतर काम करने का संकल्प लिया। मौके पर केंद्रीय सदस्य तनवीर आलम, कोषाध्यक्ष चंदन जायसवाल, झामुमो युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष संजय सिंह छोटू, प्रखंड अध्यक्ष फुजैल अहमद, प्रवक्ता सुजीत चंद्रवंशी, चंदन पासवान, बड़ू गुप्ता, अजय ठाकुर, प्रियम सिंह, अंकित पांडेय, ओम प्रकाश गुप्ता, जफर खान सहित अन्य उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


