
कनहर नदी क्षेत्र में बालू उत्खनन की जांच
धुरकी प्रखंड में अवैध बालू उत्खनन की सूचना मिलने पर प्रशासन ने सक्रियता दिखाई। टास्क फोर्स ने कनहर नदी के बालचौरा में निरीक्षण किया और 40 से 50 ट्रैक्टर बालू जब्त किए। अधिकारियों ने अवैध गतिविधियों को रोकने के लिए आवश्यक निर्देश दिए और लोगों से सूचना देने की अपील की।
धुरकी, प्रतिनिधि। प्रखंड में अवैध बालू उत्खनन की सूचना पर प्रशासन सक्रिय हो गया। सोमवार देर शाम तक टास्क फोर्स की टीम ने कनहर नदी स्थित बालचौरा पहुंचकर निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। टीम में एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, जिला खान निरीक्षक चंदन कुमार रविदास, डीएसपी सत्येंद्र नारायण सिंह, सीओ विमल कुमार सिंह व थाना प्रभारी जनार्दन राउत शामिल थे। मालूम हो कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध तरीके से बालू उत्खनन हो रहा है। उसकी शिकायत मिलने पर टीम ने जांच की। शिकायत के आलोक में टीम ने जांच की। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने उत्खनन स्थल का मुआयना किया।

मौके पर मिले सबूतों के आधार पर आवश्यक निर्देश दिए। वहीं टीम ने लगभग 40 से 50 ट्रैक्टर बालू भी जब्त किया। अज्ञात लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कराई गई। टीम ने संबंधित अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने को कहा कि अवैध उत्खनन पर तत्काल रोक लगे और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए। एसडीओ ने कहा कि अवैध बालू उत्खनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। डीएसपी सत्येंद्र नारायण ने बताया कि पुलिस नियमित रूप से ऐसे स्थानों पर निगरानी रखेगी ताकि अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाया जा सके। वहीं, सीओ विमल ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। टीम की उक्त कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि अगर कहीं भी अवैध उत्खनन होता दिखाई दे तो उसकी सूचना तुरंत अधिकारियों को दें। सूचना देनेवालों का नाम गुप्त रखा जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




