उपायुक्त से की शिष्टाचार मुलाकात, जन समस्याओं पर रखी बात
पूर्व उपप्रमुख गोरखनाथ चौधरी ने उपायुक्त अनन्य मित्तल से मुलाकात की। उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति और किसानों की बकाया भुगतान की समस्या उठाई। उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि 24 घंटे के भीतर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। यह मुलाकात विकास और जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा के साथ संपन्न हुई।

खरौंधी, प्रतिनिधि। पूर्व उपप्रमुख सह आजसू पार्टी के जिला प्रवक्ता गोरखनाथ चौधरी ने उपायुक्त अनन्य मित्तल से शिष्टाचार मुलाकात की। उक्त अवसर पर उन्होंने बुके भेंट कर उपायुक्त का स्वागत और अभिनंदन किया। मुलाकात के दौरान गोरखनाथ ने खरौंधी प्रखंड की विभिन्न जन समस्याओं से उपायुक्त को अवगत कराया और उन्हें क्षेत्र का दौरा करने के लिए आमंत्रित किया। उस पर उपायुक्त ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए आश्वासन दिया कि प्रखंड से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी मिलने पर 24 घंटे के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। गोरखनाथ ने विशेष रूप से प्रखंड में स्वास्थ्य सेवाओं की खराब स्थिति का मुद्दा उठाया।
उन्होंने बताया कि अस्पतालों में डॉक्टरों की अनुपस्थिति के कारण आम लोगों को इलाज के लिए भटकना पड़ रहा है। उससे ग्रामीणों को काफी परेशानी हो रही है। इस पर उपायुक्त ने गंभीरता दिखाते हुए कहा कि संबंधित विभाग के साथ शीघ्र बैठक कर स्थिति की समीक्षा करेंगे और डॉक्टरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उसके अलावा, उन्होंने किसानों की समस्याओं को भी प्रमुखता से रखा। गोरखनाथ ने बताया कि धान की खरीदारी होने के बावजूद किसानों को अब तक भुगतान नहीं मिला है। उससे वह आर्थिक संकट का सामना कर रहे हैं। उसपर उपायुक्त ने आश्वासन दिया कि संबंधित विभाग से जांच कर जल्द ही किसानों के बकाया भुगतान की प्रक्रिया पूरी कराई जाएगी। यह मुलाकात सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। उस दौरान क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


