
संविधान हमारी लोकतांत्रिक आकाक्षाओं की रक्षा करता है: डीसी
गढ़वा में गणतंत्र दिवस के अवसर पर मुख्य समारोह का आयोजन किया गया। डीसी दिनेश यादव ने झंडोत्तोलन किया और परेड का निरीक्षण किया। समारोह में विभिन्न विभागों की झांकियाँ प्रस्तुत की गईं और पुरस्कार वितरण किया गया। डीसी ने विकास की दिशा में जिले की प्रगति पर जोर दिया और सभी नागरिकों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दी।
गढ़वा, प्रतिनिधि। गणतंत्र दिवस के मौके पर जिला प्रशासन की ओर से मुख्य समारोह का आयोजन गोविंद उच्च विद्यालय के मैदान में किया गया। उसमें डीसी दिनेश यादव ने झंडोत्तोलन किया। उससे पहले उन्होंने परेड का निरीक्षण किया। कार्यक्रम में परेड में 10 टुकड़ियां शामिल हुईं। वहीं विभिन्न विभागों की ओर से झांकी प्रस्तुत किया गया। मौके पर डीसी ने सभी को 77वां गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमारे देश का संविधान एक जीवंत दस्तावेज है। यह एक ऐसा सामाजिक अनुकंध है जो हमारी विविधता में एकता को बांधे रखता है। साथ ही हमारी लोकतांत्रिक आकांक्षाओं की रक्षा करता है।
उपायुक्त के अलावा पुलिस अधीक्षक अमन कुमार द्वारा टाउन हॉल के मैदान में आयोजित मुख्य गणतंत्र दिवस समारोह में झंडोत्तोलन किया गया। उक्त अवसर पर गरिमामय अवसर पर जनप्रतिनिधिगण, जिला स्तरीय अधिकारीगण, छात्र-छात्राएं व बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे। समारोह में राष्ट्रगान के साथ देशभक्ति का वातावरण देखने को मिला। उन्होंने कहा कि हमारा गणतंत्र तभी सार्थक होगा जब कोई भी नागरिक पीछे न रहे। प्रत्येक व्यक्ति को उसकी योग्यता के अनुसार विकास के अवसर मिले। राष्ट्र की प्रगति का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे। बदलते समय में गढ़वा जिला भी विकास की ओर अग्रसर है। महिलाओं के सम्मान में चलाई जा रही महत्वाकांक्षी मंईयां सम्मान योजना के तहत 2.26 लाख महिलाओं को प्रत्येक माह 2500 रुपये मिल रहे हैं। वहीं सामाजिक सुरक्षा योजना के तहत सर्वजन पेंशन के तहत कुल एक लाख 42 हजार 800 लाभुकों को पेंशन योजना का लाभ दिया जा रहा है। उसके अलावा सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा सहित अन्य क्षेत्रों में भी जिले में उल्लेखनीय कार्य हुए हैं। पथ निर्माण विभाग की ओर से सड़क निर्माण, चौड़ीकरण व मजबूतीकरण का कार्य कुल 123 किलो मीटर में चलाया जा रहा है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में झारखंड सरकार से स्वीकृत 11 करोड़ 56 लाख की लागत से दो पथ परियोजनाओं की 42.17 किमी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है। ग्रामीण कार्य विभाग, कार्य प्रमंडल द्वारा मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत स्वीकृत 81 योजनाओं के माध्यम से 234 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण व सुदृढ़ीकरण का कार्य 262 करोड़ सात लाख रुपये कराया जा रहा है जिसमें 29 योजनाओं को पूर्ण भी कर लिया गया है। शिक्षा विभाग की ओर से जिले में 336 स्कूलों में स्मार्ट क्लास संचालित किया जा रहा है। सत्र 2025-26 के लिए सरकारी व सरकारी सहायता प्राप्त विद्यालयों के नामांकित दो लाख 62 हजार बच्चों को निश्शुल्क पाठ्य पुस्तक उपलब्ध कराया गया है। जिले के चिन्हित 942 आउट ऑफ स्कूल बच्चों में से 929 बच्चों को पुनः नामांकन कराया गया है। बेहतर शिक्षा के लिए 419 नव नियुक्त सहायक आचार्यो को विद्यालय में पदस्थापित किया गया है। स्वास्थ्य सुविधा के लिए जिले में चार लाख 54 हजार से अधिक व्यक्तियों का आयुष्मान कार्ड बनाया गया है। सदर अस्पताल परिसर में 50 बेड का आधुनिक अस्पताल व 50 बेड का गहन चिकित्सा भवन का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है जो मार्च 2026 तक प्रारम्भ कर दिया जाएगा। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की ओर जल जीवन मिशन के तहत तीन लाख से अधिक घरों में पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वृहद ग्रामीण पाईप जलापूर्ति योजना के तहत कुल 15 योजनाओं को पूर्ण कराया गया है। जिससे अभी कुल 90 हजार घरों में जलापूर्ति किया जा रहा है। कृषि विभाग की ओर से जिले में बीज विनिमय योजना अंतर्गत रबी मौसम में 50 प्रतिशत अनुदान पर गेहूं, सरसों व चना बीज 15 हजार नौ सौ किसानों को प्रमाणित बीज वितरण किया गया है। गणतंत्र दिवस समारोह के अवसर पर डीसी ने अपने आवासीय कार्यालय परिसर में भी झंडोत्तोलन किया। उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त, अपर समाहर्ता, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, एनडीसी, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं आवासीय परिसर के कर्मचारी उपस्थित रहे। वहीं समाहरणालय परिसर में भी झंडोत्तोलन किया गया। मौके पर सभी ने संविधान के मूल्यों, कर्तव्यनिष्ठा तथा राष्ट्रसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया। गणतंत्र दिवस के इस अवसर पर जिलेभर में उत्साह, अनुशासन और देशभक्ति की भावना परिलक्षित हुई। गणतंत्र दिवस के मौके पर मुख्य समारोह के दौरान पुरस्कार वितरण किया गया। परेड में सीआरपीएफ-172 बटालियन प्रथम, एनसीसी नामधारी कॉलेज द्वितीय व एनसीसी सूरत पांडेय कॉलेज तृतीय। झांकी में जेएसएलपीएस को प्रथम, परिवहन विभाग व मध्य विद्यालय चिरौंजिया को द्वितीय व कृषि विभाग को तृतीय पुरस्कार दिया गया। वहीं राष्ट्रगान के लिए संगीत कला महाविद्यालय व ज्ञान निकेतन की छात्राओ को, बैंड बिगुल मे कस्तूरबा विद्यालय गढ़वा व ज्ञान निकेतन स्कूल को पुरस्कृत किया गया। साथ ही प्रभात फेरी में मुख्यमंत्री उत्कृष्ट बालिका उच्च विद्यालय को प्रथम, आरके पब्लिक स्कूल को द्वितीय व साउथ प्वाइंट पब्लिक स्कूल को तृतीय पुरस्कार दिया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




