सूर्य मंदिर नदी तट पर घाट का शिलान्यास
भवनाथपुर में जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा ने 15वें वित्त आयोग की निधि से 1 लाख 96 हजार रुपये की लागत से सूर्य मंदिर के घाट का शिलान्यास किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जोर दिया और इसे छठ व्रतियों की सेवा का प्रतीक बताया। स्थानीय व्यवसायियों ने विवाह मंडप और सौंदर्यीकरण की मांग की।

भवनाथपुर, प्रतिनिधि। बाजार स्थित सूर्य मंदिर नदी तट पर जिला परिषद सदस्य रंजनी शर्मा ने 15वें वित्त आयोग की निधि से एक लाख 96 हजार रुपये की लागत से बनने वाले घाट का शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पार्षद ने कहा कि भगवान सूर्य देव की इस पावन स्थली पर घाट का निर्माण कराना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और पूर्ण गुणवत्ता के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने कहा कि यह घाट केवल एक कंक्रीट संरचना नहीं, बल्कि छठ व्रतियों की सेवा, आस्था और स्वच्छता के संकल्प का प्रतीक होगा।
उनका उद्देश्य है कि आगामी छठ पूजा में श्रद्धालुओं को अर्घ्य अर्पित करने के लिए एक स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर तट उपलब्ध हो। स्थानीय व्यवसायियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने रंजनी के इस प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम के दौरान प्रबुद्धजनों ने सूर्य मंदिर की भव्यता को देखते हुए यहां एक सर्वसुविधायुक्त विवाह मंडप और व्यापक सौंदर्यीकरण कराने की मांग रखी। जिला पार्षद ने भरोसा दिलाया कि सूर्य मंदिर परिसर को एक आदर्श धार्मिक स्थल के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कल्याण विभाग और अन्य योजनाओं के माध्यम से विवाह मंडप के निर्माण के लिए प्रयास किए जाएंगे। जल्द ही इसे धरातल पर उतारा जाएगा। मौके पर मुखिया बेबी देवी, पूर्व 20 सूत्री अध्यक्ष बृजेश सिंह, नवल किशोर प्रसाद, नीतीश कुमार, सुनील गुप्ता, राजमोहन यादव, संजय गुप्ता सहित अन्य मौजूद थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



