
सुरक्षित वन में अवैध लकड़ी कटाई मामले में एक गिरफ्तार
भवनाथपुर में वन विभाग ने अवैध लकड़ी कटाई के खिलाफ अभियान चलाया। एक आरोपी मोहन भूइयां को गिरफ्तार किया गया, जो लंबे समय से जंगलों में लकड़ी तस्करी में शामिल था। रेंजर प्रमोद कुमार ठाकुर के नेतृत्व में की गई इस कार्रवाई में विभिन्न प्रकार की लकड़ियाँ जब्त की गईं। ग्रामीणों ने इस कार्रवाई की सराहना की।
भवनाथपुर, प्रतिनिधि। वन विभाग की टीम ने शुक्रवार को अभियान चलाकर जिका बुचकम और कैलान सुरक्षित वन क्षेत्र में अवैध लकड़ी कटाई और अतिक्रमण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। साथ ही विभिन्न प्रकार की लकड़ियों को जब्त कर रेंज कार्यालय भवनाथपुर लाया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान केतार थाना क्षेत्र के मुटंगवा गांव निवासी मोहन भूइयां के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि आरोपी लंबे समय से जंगलों में अवैध कटाई और लकड़ी तस्करी में संलिप्त था। यह कार्रवाई रेंजर प्रमोद कुमार ठाकुर के नेतृत्व में की गई। टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ लोग जंगल में अवैध रूप से पेड़ों की कटाई कर रहे हैं।
उक्त सूचना के आधार पर वन विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। छापेमारी के दौरान लकड़ी माफिया अपने साथियों के साथ अवैध रूप से लकड़ी काटते पाए गए। वन विभाग की तत्परता के कारण आरोपी को भागने का मौका नहीं मिला और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया। रेंजर प्रमोद ठाकुर ने बताया कि जंगलों की अवैध कटाई पर रोक लगाने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। इस तरह की गतिविधियां पर्यावरण के लिए गंभीर खतरा हैं। वन्यजीवों के प्राकृतिक आवास को नुकसान पहुंचाती हैं। विभाग ने स्पष्ट किया कि जंगलों की सुरक्षा को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख़्त कार्रवाई जारी रहेगी। स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग की इस कार्रवाई की सराहना की है। ग्रामीणों का कहना है कि जंगल उनके जीवन और आजीविका का आधार है। इसलिए इन्हें बचाना सभी की जिम्मेदारी है। बरामद लकड़ी को जब्त कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है। साथ ही गिरोह से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। छापेमारी दल में दयाशंकर सिंह, ओमप्रकाश उरांव, सुनील राय, सचित कच्छप और निशांत कुमार पप्पू शामिल थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




