Hindi NewsJharkhand NewsGarhwa NewsFestive Rush in Garhwa as Gold and Silver Jewelry Sales Surge Ahead of Dhanteras and Diwali

धनतेरस पर सर्राफा कारोबार 10 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान, दुकानों में बढ़ रही रौनक

संक्षेप: फोटो संख्या एक तीन: सर्राफा दुकान में खरीदारी करने पहुंचे लोग धनतेरस और दीपावली पर्व को लेकर शहर के आभूषण दुकानों में रौनक बढ़ने लगी है। बाजार में ग्र

Thu, 16 Oct 2025 12:28 AMNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share Share
Follow Us on
धनतेरस पर सर्राफा कारोबार 10 करोड़ तक पहुंचने का अनुमान, दुकानों में बढ़ रही रौनक

गढ़वा, प्रतिनिधि। धनतेरस और दीपावली को लेकर शहर की आभूषण दुकानों में रौनक बढ़ने लगी है। बाजार में ग्राहकों की भीड़ धीरे-धीरे बढ़ने लगी है। त्योहार को लेकर सोने और चांदी के आभूषणों की दुकानों को आकर्षक तरीके से सजाया गया है। दुकानदारों ने ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए नये डिजाइनों के जेवर प्रदर्शित किये हैं। साथ ही ऑफर भी दिया जा रहा है। सोने-चांदी की कीमत में उछाल के बाद भी संतोषजनक कारोबार की उम्मीद है। सर्राफा कारोबारियों के मुताबिक करीब 10 करोड़ से अधिक के कारोबार होने का अनुमान है। शहर के प्रतिष्ठित जेवर व्यवसायी अरुण सोनी, पंकज सोनी ने बताया कि अबकी बार लोगों का रुझान सोना और चांदी के गहनों की ओर अधिक है।

धनतेरस पर सोना-चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। इसलिए ग्राहकों के लिए गहनों की विविध रेंज रखी गयी है। कई ग्राहक उपहार के रूप में देने के लिए या खुद के लिए भी चांदी के सिक्के खरीद रहे हैं। अबकी बार चांदी के साथ-साथ सोने के सिक्के भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष बिक्री में पिछले साल की तुलना में वृद्धि की उम्मीद है। लोग पारंपरिक खरीदारी के साथ-साथ एडवांस बुकिंग को भी प्राथमिकता दे रहे हैं। सोना, चांदी और डायमंड के आभूषणों के साथ स्टर्लिंग सिल्वर की अत्याधुनिक रेंज भी ग्राहकों के लिए उपलब्ध है। सोने और चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण इस बार अग्रिम बुकिंग अधिक हो रही है। वहीं सुरक्षा की दृष्टि से दुकानदारों ने अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की है। सीसीटीवी निगरानी बढ़ा दी गयी है। बाजारों की सजावट और रोशनी से त्योहारी माहौल है। ग्राहकों में उत्साह को देखते हुए दुकानदारों को उम्मीद भी अधिक है। उधर स्वर्णकार समाज के अध्यक्ष भुवनेश्वर सोनी ने बताया कि सोना चांदी का भाव आसमान छू रहा है। उसके कारण इस बार सर्राफा बाजार में काफी उदासीनता है। इस वर्ष चांदी के सिक्कों की कीमत में दोगुना वृद्धि हुई है। उसके बाद भी इस वर्ष आभूषण छोड़कर चांदी के सिक्के लोग खरीदेंगे और उसका अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से सोना चांदी की कीमत में उछाल है धनतेरस से दो दिन पहले चांदी के सिक्कों का रेट खुलेगा। धनतेरस दीपावली तक चांदी की और कीमत बढ़ाने की संभावना है। सर्राफा कारोबारी राकेश केशरी ने बताया कि कीमत में उछाल के बाद भी कारोबार बेहतर होने की उम्मीद है। सर्राफा कारोबार 10 करोड़ से अधिक का होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि चांदी का पुराना सिक्का 2800 से 3000 रुपये तक मिलने की उम्मीद है। वहीं 10 ग्राम चांदी का सिक्का 2200-2300 रुपये तक मिलेगा।