प्री-बोर्ड की परीक्षा 17 दिसंबर से दो पालियों में होगी: डीईओ

प्री-बोर्ड की परीक्षा 17 दिसंबर से दो पालियों में होगी: डीईओ

संक्षेप:

गढ़वा में जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रज़ा की अध्यक्षता में परीक्षा पूर्व तैयारी की बैठक हुई। प्री बोर्ड परीक्षा 17 दिसंबर से शुरू होगी। सभी विद्यालयों को समय पर तैयारियों के निर्देश दिए गए। छात्र/छात्राओं की प्रगति और गुणवत्ता पर ध्यान देने का प्रयास किया जाएगा। अच्छे प्रदर्शन करने वाले छात्रों को लैपटॉप और कोचिंग में नामांकन दिया जाएगा।

Dec 13, 2025 11:36 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share

गढ़वा, प्रतिनिधि। डीसी दिनेश यादव के निर्देशानुसार जिला शिक्षा पदाधिकारी कैसर रज़ा की अध्यक्षता में शनिवार को पुराना समाहरणालय के सभाकक्ष में मैट्रिक व इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 को लेकर बैठक हुई। उसमें परीक्षा पूर्व तैयारी की व्यापक समीक्षा की गई। मौके पर जानकारी दी गई कि प्री बोर्ड की परीक्षा 17 दिसंबर से शुरू होगी। परीक्षा दो पालियों में ली जाएगी। उन्होंने बताया कि प्री-बोर्ड परीक्षा 17 दिसंबर से प्रारंभ होगी, जो दो पालियों में आयोजित की जाएगी। पहली पाली सुबह 9:30 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर एक बजे से शाम चार बजे तक चलेगी। उसे लेकर सभी विद्यालयों को आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिया।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बैठक में जिले के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापक, विषय शिक्षक, शिक्षा विभाग के पदाधिकारी व कर्मी उपस्थित थे। बैठक का मुख्य उद्देश्य परीक्षा की गुणवत्ता में सुधार, पाठ्यक्रम की समयबद्ध और शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करना था। बैठक में विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा पदाधिकारी ने परीक्षा पूर्व तैयारी, पाठ्यक्रम की प्रगति के अंतर्गत छात्र/छात्राओं की तैयारी की स्थिति और पाठ्यक्रम की शत-प्रतिशत पूर्णता का विद्यालयवार समीक्षा की। उन्होंने प्रोजेक्ट रेल और प्रायोगिक व आंतरिक मूल्यांकन से संबंधित तैयारियों की भी समीक्षा की। परीक्षा पूर्व की तैयारी को लेकर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने प्रश्न-पत्र निर्माण, मूल्यांकन प्रक्रिया व फीडबैक आधारित सुधारात्मक उपायों पर विस्तार से चर्चा की गई। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने आगामी परीक्षा को दृष्टिगत रखते हुए प्री बोर्ड एग्जाम में 30 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले बच्चों के लिए जिला स्तर से लाइव एवं रिकॉर्ड क्रैश कोर्स संचालित करने की बाते कही जिसका लिंक स्कूल ग्रुप में समय-समय पर जारी किया जाएगा। उसके लिए सभी विद्यालयों के स्मार्ट क्लासेस को दुरुस्त रखने का निर्देश दिया गया ताकि क्रैश कोर्स सुचारू रूप से चलाया जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों को सभी विषयों की गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना शिक्षा विभाग का दायित्व है ताकि उनकी पढ़ाई किसी भी प्रकार से बाधित न हो और वे बेहतर प्रदर्शन कर सकें। सभी विद्यालयों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि सिलेबस समय पर पूर्ण हो और कोई भी बच्चा फेल न हो। बैठक में यह भी बताया गया कि जो छात्र परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर टॉप करेंगे, उन्हें जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क लैपटॉप प्रदान किया जाएगा। साथ ही जिस क्षेत्र में आगे की पढ़ाई करना चाहेंगे उससे संबंधित कोचिंग में उनका नामांकन नि:शुल्क कराया जाएगा। उसके अतिरिक्त जिला शिक्षा पदाधिकारी ने इको क्लब के माध्यम से सभी विद्यालयों में फलदार पेड़-पौधे लगाने का निर्देश दिए गए ताकि विद्यालय परिसर स्वच्छ, हरित एवं सुंदर बन सके। साथ ही, विद्यालयों से मांगी जाने वाली सभी रिपोर्ट समय पर उपलब्ध कराने का निर्देश भी दिया। बैठक के दौरान विभिन्न विद्यालयों के प्रधानाध्यापक/प्रभारी प्रधानाध्यापकों ने अपने-अपने विद्यालयों में अंग्रेजी, गणित, विज्ञान सहित अन्य विषयों के शिक्षकों की कमी से संबंधित समस्याएं रखी। इस पर जिला शिक्षा पदाधिकारी ने शीघ्र ही शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया। जहां शिक्षकों का अभाव है, वहां प्रतिनियुक्ति के माध्यम से शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने की बात कही गई।