सभी विभागों से बेहतर समन्वय स्थापित करें कोषांग पदाधिकारी: डीसी
डीसी और एसपी ने डिस्पैच सेंटर, प्रशिक्षण स्थल और मतदान केंद्रों का लिया जायजा संवेदनशील

गढ़वा, प्रतिनिधि। आसन्न नगरपालिका आम निर्वाचन के सफल, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी आयोजन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा व्यापक और सघन तैयारियां की गई हैं। इसी क्रम में शनिवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका)-सह-उपायुक्त दिनेश यादव और पुलिस अधीक्षक अमन कुमार द्वारा संयुक्त रूप से बाजार समिति परिसर स्थित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण किया गया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा यह आश्वस्त किया गया कि नगरपालिका आम निर्वाचन को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक प्रशासनिक, तकनीकी और सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ कर ली गई हैं। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान सामग्री के सुरक्षित भंडारण, मतपत्र और मतपेटिकाओं की उपलब्धता, वितरण एवं वापसी की प्रक्रिया, परिवहन प्रबंधन, डिस्पैच एवं रिसीविंग व्यवस्था के साथ-साथ सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था से जुड़ी तैयारियों का बारीकी से जायजा लिया।
उपायुक्त ने संबंधित कोषांग पदाधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण की जाएं। साथ ही सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित किया जाए। उपायुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है, जिसमें पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुचारू संचालन अत्यंत आवश्यक है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, शिथिलता अथवा भ्रम की स्थिति को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कर्मियों को राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए कहा कि निर्वाचन अवधि के दौरान जिले में विधि-व्यवस्था संधारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी। सभी संवेदनशील और अतिसंवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं दंडाधिकारियों की तैनाती की जाएगी। साथ ही, सतत गश्त, निगरानी एवं त्वरित कार्रवाई व्यवस्था को भी और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


