जागरण कार्यक्रम में भक्ति गीतों पर रातभर झूमे लोग
रामनवमी के अवसर पर शनिवार रात मां शायर देवी धाम मंदिर परिसर में भव्य भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया

मेराल, प्रतिनिधि। रामनवमी के अवसर पर शनिवार रात मां शायर देवी धाम मंदिर परिसर में भक्ति जागरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विधायक सत्येंद्र नाथ तिवारी, डॉ अनिल शाह, प्रेमचंद प्रसाद, दशरथ प्रसाद, मुन्ना राम, विनोद प्रसाद, अध्यक्ष विजय प्रसाद, कृष्णा कुशवाहा, डॉ लालमोहन, धनंजय चौधरी, रविंद्र प्रसाद, युवा नेता अतहर अंसारी, मुखिया रामसागर महतो सहित अन्य ने संयुक्त रूप से फीता काट कर किया। कार्यक्रम में बिहार के जाने-माने भोजपुरी गायक मोनू अलबेला और अदिति राज की ओर से जागरण में एक से बढ़कर एक प्रस्तुति दिया गया। कार्यक्रम में लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में सनातन धर्मावलंबी स्वच्छंद भाव से पूजा पाठ व धार्मिक अनुष्ठान करने में लगे हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री को वैश्विक नेता बताते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में देश सुरक्षित और विकास की ओर अग्रसर है। वहीं हर धर्म के हर व्यक्ति अपने आप को सुरक्षित महसूस कर रहा है। विधायक ने उपस्थित लोगों के साथ जय श्री राम का जयघोष किया।वहीं विधायक प्रतिनिधि डॉ लालमोहन ने विधायक की अनुमति से घोषणा करते हुए कहा कि मां शायर देवी धाम मंदिर परिसर में चापाकल, शौचालय और छठ व्रत से पूर्व छठ घाट का निर्माण विधायक मद से कराया जाएगा। कार्यक्रम प्रारंभ होने से पूर्व देवी धाम संचालन समिति के लोगों ने सभी अतिथियों को अंग वस्त्र और पट्टा देकर सम्मानित किया।भक्ति जागरण कार्यक्रम का उद्घाटन भोजपुरी स्टार गायक मोनू अलबेला ने गणेश वंदना के साथ किया। वहीं अदिति राज ने मां भगवती का भजन प्रस्तुत कर लोगों को जमकर झुमाया। भक्ति जागरण का कार्यक्रम सुबह तीन बजे तक चला। उन्होंने ऐसा शमां बांधा कि हर आयु वर्ग के लोग कार्यक्रम में जमे रहे। कार्यक्रम का संचालन अध्यक्ष विजय प्रसाद द्वारा किया गया। भक्ति जागरण कार्यक्रम को सफल बनाने में मां शायर देवी धाम संचालन समिति के लोगों ने सक्रिय भूमिका निभाई।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


