Garhwa News: दयानंद आर्य वैदिक लीलावचन पब्लिक स्कूल में मनाया गया शिक्षक दिवस
Garhwa News: दयानंद आर्य वैदिक लीलावचन पब्लिक स्कूल में शनिवार को शिक्षक दिवस पर छात्रों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा और प्राचार्य मनोज कुमार ने दीप प्रज्वलित कर की। निदेशक और प्राचार्य ने शिक्षकों की भूमिका और छात्रों के विकास में उनके महत्व पर प्रकाश डाला।

Garhwa News: मेराल, प्रतिनिधि। दयानंद आर्य वैदिक लीलावचन पब्लिक स्कूल लातदाग में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर छात्रों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी छात्र-छात्राओं के साथ शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन छात्रा दिव्या, नव्या, बेबी, नूरजहां, नेहा, सृष्टि एवं राजनंदनी ने संयुक्त रूप से किया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के निदेशक सुरेंद्र विश्वकर्मा और प्राचार्य मनोज कुमार ने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर की। उक्त अवसर पर छात्रों को संबोधित करते हुए निदेशक सुरेंद्र ने कहा कि शिक्षक वह ज्योति हैं, जो छात्रों के जीवन में ज्ञान का प्रकाश भरने के साथ उनके भविष्य को उज्ज्वल बनाने का कार्य करते हैं।
उन्होंने कहा कि शिक्षक छात्रों को सही दिशा दिखाकर उनके व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्राचार्य मनोज कुमार ने कहा कि छात्रों के जीवन को सार्थक बनाने, उनके सर्वांगीण विकास तथा बहुमुखी प्रतिभा को निखारने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। एक शिक्षक ही विद्यार्थियों में आदर्श नागरिक के गुण विकसित करने का कार्य करता है। कार्यक्रम में शिक्षक रिजवान अंसारी, नागेंद्र ठाकुर, अनूप, पवन, प्रियंका कुमारी, शमा परवीन, राधिका निरावती कुमारी सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे।

