उगरा में कनहर नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य तेज, 50 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

Jan 28, 2026 05:11 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share Share
Follow Us on

उगरा में कनहर नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य तेज, 50 गांवों को

उगरा में कनहर नदी पर उच्च स्तरीय पुल का निर्माण कार्य तेज, 50 गांवों को मिलेगा सीधा लाभ

बड़गड़, प्रतिनिधि। प्रखंड अंतर्गत उगरा गांव में कनहर नदी पर बन रहे उच्चस्तरीय पुल का निर्माण कार्य प्रगति पर है। ग्रामीण विकास विभाग के विशेष प्रमंडल के माध्यम से लगभग 9 करोड़ रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया जा रहा है। विभागीय जानकारी के अनुसार पुल का करीब 50 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है, जिससे क्षेत्र के लोगों में जल्द ही आवागमन शुरू होने की उम्मीद जगी है। अब तक इस पुल के अभाव में कनहर नदी के दोनों किनारों पर बसे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर बरसात के मौसम में नदी का जलस्तर बढ़ जाने पर संपर्क पूरी तरह से कट जाता था।

ऐसे में करीब 50 गांवों के लोगों का दैनिक आवागमन बाधित हो जाता था। मरीजों को इलाज के लिए मेदिनीनगर, गढ़वा व रामानुजगंज स्थित अस्पतालों तक पहुंचने में भारी दिक्कतें आती थीं। वहीं किसानों और व्यापारियों को अपने उत्पाद बाजार तक ले जाने में परेशानी झेलनी पड़ती थी। यह पुल न सिर्फ स्थानीय आवागमन के लिए बल्कि अंतरराज्यीय संपर्क के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है। पुल के निर्माण के बाद झारखंड और छत्तीसगढ़ के बीच की दूरी और कम हो जाएगी। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिला मुख्यालय से बड़गड़ प्रखंड की दूरी अब लगभग 21 किलोमीटर रह जाएगी। जबकि वर्तमान में छत्तीसगढ़ के भेदमी पुल पार कर बलरामपुर पहुंचने में लगभग 32 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं रामानुजगंज होकर बलरामपुर जिला मुख्यालय पहुंचने में लगभग 50 किलोमीटर की दूरी तय करनी पड़ती थी। उक्त पुल के निर्माण हो जाने से दोनों राज्यों के बीच आवागमन सुगम हो जाएगा। उससे व्यापारिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को गति मिलेगी। पुल बनने से क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के अवसरों तक पहुंच आसान होगी। आपातकालीन परिस्थितियों में एंबुलेंस और अन्य आवश्यक सेवाएं समय पर गांवों तक पहुंच सकेंगी। इसके अलावा, स्थानीय किसानों को अपनी उपज मंडियों तक पहुंचाने में सहूलियत होगी, जिससे उनकी आमदनी बढ़ने की उम्मीद है। पुल की आधारशिला रखे जाने के बाद से ही ग्राम उगरा समेत आसपास के गांवों में उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि यह पुल वर्षों पुरानी मांग थी, जो अब साकार रूप ले रही है। लोगों को विश्वास है कि पुल के पूरा होने के बाद क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी और झारखंड-छत्तीसगढ़ सीमा से जुड़े इलाकों में आवागमन और संपर्क व्यवस्था मजबूत होगी। बहरहाल, क्षेत्र के लोगों को उक्त पुल के निर्माण कार्य जल्द पूरी होने का इंतजार है ताकि उन्हें सुगमता पूर्वक आवागमन उपलब्ध हो सके।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;