सामाजिक एकजुटता और सौहार्द के साथ होली-ईद मनाने की अपील

Mar 01, 2026 11:32 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, गढ़वा
share Share
Follow Us on

धुरकी में होली और रमजान के मद्देनजर एक महत्वपूर्ण शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। थाना प्रभारी जनार्दन राउत की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भाग लिया। सभी ने त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने का संकल्प लिया। पुलिस प्रशासन ने भी सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी दी।

सामाजिक एकजुटता और सौहार्द के साथ होली-ईद मनाने की अपील

धुरकी, प्रतिनिधि। थाना परिसर में होली और रमजान के मद्देनजर शांति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी जनार्दन राउत ने की। उक्त अवसर पर क्षेत्र के गणमान्य लोग, मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि, बीडीसी, वार्ड सदस्य सहित अन्य जनप्रतिनिधि, धर्मगुरु एवं स्थानीय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी होली और रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराना रहा। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व जिला परिषद सदस्य नंद गोपाल यादव ने कहा कि होली और रमजान दोनों ही पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि समाज की एकता और सौहार्द बनाए रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील उन्होंने उपस्थित लोगों से की। वहीं विधायक प्रतिनिधि लक्ष्मण प्रसाद यादव ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा क्षेत्र हमेशा से सांप्रदायिक सौहार्द का उदाहरण रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की कि होली के दौरान रंग-गुलाल का प्रयोग मर्यादित ढंग से करें तथा रमजान के पवित्र महीने में रोजेदारों की भावनाओं का सम्मान करें। उन्होंने कहा कि आपसी समन्वय और संवाद से हर छोटी-बड़ी समस्या का समाधान संभव है। थाना प्रभारी जनार्दन ने कहा कि पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और त्योहारों के दौरान विशेष गश्ती दल तैनात किए जाएंगे। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट या अफवाह फैलाने वालों को भी चेतावनी दी कि ऐसे मामलों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। बैठक के दौरान उपस्थित लोगों ने भी अपने विचार रखे और प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। कई वक्ताओं ने कहा कि त्योहारों का असली संदेश प्रेम, सद्भाव और एकता है। उसे बनाए रखना हम सबकी प्राथमिकता होनी चाहिए।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।