अनुमंडलीय अस्पताल में 15 दिनों में शुरू होगी सिजेरियन सेवा
अनुमंडलीय अस्पताल में 15 दिनों में शुरू होगा सिजेरियन ऑपरेशन फोटो बंशीधर नगर एक: अनुमंडलीय

श्रीबंशीधर नगर, प्रतिनिधि। सिविल सर्जन डॉ. जॉन एफ.केनेडी ने बुधवार को उपायुक्त के निर्देश पर नगर ऊंटारी अनुमंडलीय अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अगले 15 दिनों के भीतर अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं को और विस्तार दिया जाएगा। उन्होंने अस्पताल प्रभारी को निर्देश देते हुए कहा कि नगर ऊंटारी अस्पताल में छोटे-बड़े सिजेरियन ऑपरेशन की सुविधा अगले 15 दिनों के भीतर शुरू कर दी जाए। इस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को काफी राहत मिलेगी और उन्हें प्रसव के लिए दूसरे शहर या सदर अस्पताल का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। डॉ. केनेडी ने कहा कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से संचालित आयुष्मान डिजिटल योजना के तहत कार्य तेजी से शुरू कर दिया गया है। जल्द ही नगर ऊंटारी अस्पताल में भी पेपरलेस इलाज की सुविधा शुरू होगी। उसके लिए मरीजों का आभा कार्ड बनाना अनिवार्य किया जा रहा है। उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को निर्देश दिया कि अधिक से अधिक लोगों का आभा कार्ड बनाकर डिजिटल स्वास्थ्य सेवा से जोड़ा जाए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में दंत चिकित्सक की कमी को गंभीरता से लिया। उन्होंने कहा कि फिलहाल दांत के डॉक्टर की कमी है, लेकिन मरीजों की सुविधा को देखते हुए सप्ताह में तीन दिन दंत चिकित्सक की सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। उसके अलावा आंख चिकित्सक की कमी को देखते हुए नेत्र चिकित्सक के सहायक की नियुक्ति करने का भी निर्देश दिया गया है ताकि आंख संबंधी प्राथमिक जांच और उपचार अस्पताल में ही संभव हो सके。
ट्रामा सेंट को सशक्त बनाने का निर्देश
सिविल सर्जन ने ट्रॉमा सेंटर का भी निरीक्षण किया और वहां जांच सुविधाओं को जल्द शुरू करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि दुर्घटना या आपातकालीन स्थिति में मरीजों को तत्काल जांच सुविधा मिलना अत्यंत आवश्यक है। इसलिए ट्रॉमा सेंटर को और अधिक सशक्त बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग का उद्देश्य ग्रामीण और अनुमंडल स्तर के अस्पतालों को मजबूत बनाना है, ताकि लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवा उनके क्षेत्र में ही मिल सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अगले 15 दिनों में नगर ऊंटारी अस्पताल में लोगों को पहले से बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होने लगेंगी।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


