
अंचल दिवस पर 17 मामलों का हुआ निपटारा
धुरकी में मंगलवार को अंचल दिवस के दौरान 17 जनसमस्याओं का समाधान किया गया। अंचल अधिकारी विमल कुमार सिंह ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित कर्मियों को निर्देश दिए। कार्यक्रम का उद्देश्य भूमि और प्रशासनिक समस्याओं का त्वरित समाधान करना था। नियमित अंचल दिवस आगे भी आयोजित करने का निर्णय लिया गया।
धुरकी, प्रतिनिधि। अंचल कार्यालय परिसर में मंगलवार को आयोजित अंचल दिवस के अवसर पर जनसमस्याओं का समाधान किया गया। उस दौरान कुल 17 मामलों का निपटारा किया गया। उससे फरियादियों ने राहत की सांस ली। अंचल दिवस का उद्देश्य आम जनता की भूमि, राजस्व व प्रशासनिक समस्याओं का मौके पर ही सुनकर समाधान करना रहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता अंचल अधिकारी सह प्रखंड विकास पदाधिकारी विमल कुमार सिंह ने की। उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित कर्मियों को आवश्यक निर्देश दिए। सीओ सह बीडीओ विमल ने कहा कि अंचल दिवस प्रशासन और जनता के बीच संवाद का सशक्त माध्यम है।
उससे पारदर्शिता और विश्वास दोनों मजबूत होते हैं। अंचल उप निरीक्षक विकास कुमार की सक्रिय भूमिका भी सराहनीय रही। उन्होंने मामलों की जांच कर तथ्यात्मक जानकारी प्रस्तुत की। उससे मामलों के निपटारे में सहूलियत हुई। वहीं राजस्व कर्मचारी मोजिब अहमद खान, शशि विश्वकर्मा और राहुल कुमार ने भूमि से संबंधित मामलों के दस्तावेजों की जांच कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की। अंचल अमीन इकबाल अंसारी और रमेश ठाकुर ने मौके पर ही मापी और सीमांकन से जुड़े मामलों का समाधान किया। उनकी तकनीकी दक्षता के कारण कई पुराने लंबित मामलों का निस्तारण संभव हो सका। अंचल दिवस के दौरान दाखिल-खारिज, भूमि विवाद, सुधार पर्ची, सीमांकन सहित विभिन्न प्रकार के मामले सामने आए। उनमें से अधिसंख्य मामलों का निष्पादन ऑन द स्पॉट कर दिया गया।मौके पर सीओ सह बीडीओ विमल ने कहा कि आगे भी नियमित रूप से अंचल दिवस का आयोजन किया जाएगा ताकि आम लोगों की समस्याओं का समाधान समयबद्ध व पारदर्शी तरीके से किया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




