Garhwa News: सावन पूर्णिमा पर शिव मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे
Garhwa News: सावन पूर्णिमा पर शिव मंदिर में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे फोटो भवनाथपुर दो:

Garhwa News: भवनाथपुर, प्रतिनिधि। प्रखंड के चपरी गांव में सावन पूर्णिमा के पावन अवसर पर उप मुखिया चंद्रमणि साह के घर के समीप स्थित शिव मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना, अनुष्ठान और अखंड कीर्तन का आयोजन किया गया। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी। भक्तों ने भगवान भोलेनाथ का विधिवत पूजन कर सुख-शांति, समृद्धि एवं क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। पूजा-अर्चना एवं अखंड कीर्तन के समापन के बाद चपरी के पूर्व मुखिया प्रत्याशी सह समाजसेवी दीपू गुप्ता के नेतृत्व में श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे दिन मंदिर परिसर भक्तिमय बना रहा तथा हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा।आयोजन
में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। समाजसेवी दीपू ने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजन आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव को मजबूत करते हैं। उन्होंने कहा कि लोगों की सेवा और धार्मिक आयोजनों में सहभागिता आगे भी जारी रहेगी।


