डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई
डॉ. राममनोहर लोहिया चेतना मंच के तत्वावधान में बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। समारोह में नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और अन्य समाजसेवियों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अभिषेक रंजन सिंह ने मौलिक चिंतन और विचारधारा आधारित राजनीति की आवश्यकता पर जोर दिया।

श्री बंशीधर नगर, प्रतिनिधि। डॉ. राममनोहर लोहिया चेतना मंच के तत्वावधान में मंगलवार को बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई गया। उक्त अवसर पर नगर पंचायत के नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, वार्ड पार्षदों, समाजसेवियों और चेतना मंच के पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। समारोह का शुभारंभ बंशीधर मंदिर के निकट स्थित संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तथा भवनाथपुर मोड़ स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया की आदमकद प्रतिमा पर मुख्य अतिथियों और मंच के पदाधिकारियों द्वारा माल्यार्पण कर किया गया। उसके बाद पूर्व मंत्री सह चेतना मंच के संरक्षक रामचन्द्र केशरी के आवासीय कार्यालय में विचार गोष्ठी और सम्मान समारोह आयोजित हुआ।
विचार गोष्ठी को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि सह डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन, नई दिल्ली के अध्यक्ष अभिषेक रंजन सिंह ने कहा कि डॉ. भीमराव अंबेडकर और डॉ. राममनोहर लोहिया दोनों मौलिक चिंतक थे। इन महापुरुषों को सीमित दायरे में रखना युवापीढ़ी के साथ अन्याय है। नेताओं की अदूरदर्शिता के कारण उन्हें केवल जयंती और पुण्यतिथि तक सीमित कर दिया गया है। उन्होंने सात्विक एवं विचारधारा आधारित राजनीति को देश की आवश्यकता बताया। विशिष्ट अतिथि सह डॉ. राममनोहर लोहिया रिसर्च फाउंडेशन, कोलकाता के सचिव राजकुमार रूंगटा ने कहा कि गीता और रामायण की तरह संविधान को जानना और लोगों को इसके प्रति जागरूक करना आज की जरूरत है। उन्होंने नव निर्वाचित नगर पंचायत प्रतिनिधियों से इस दिशा में पहल करने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि तरुण वैश्य सभा, मध्य प्रदेश के पूर्व अध्यक्ष रूपेश कुमार गुप्ता उर्फ राजू ने कहा कि भारत में लोकतंत्र तभी मजबूत होगा, जब सामाजिक स्तर पर भी लोकतंत्र स्थापित होगा। समारोह को पलामू के पूर्व सांसद घूरन राम, विनय चौबे, नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, उपाध्यक्ष संध्या देवी, जिला पार्षद बाला रानी, अलिसा केशरी सहित अन्य वक्ताओं ने भी संबोधित किया। समारोह के अंत में नगर पंचायत अध्यक्ष साधना देवी, उपाध्यक्ष संध्या देवी, जिला पार्षद सदस्य बाला रानी, सभी वार्ड पार्षदों, समाजसेवियों, मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों सहित चेतना मंच के संरक्षक, निदेशक मंडल के सदस्यों और पदाधिकारियों को फूलमाला और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व मंत्री सह चेतना मंच के संरक्षक रामचंद्र केशरी और संचालन मो. नईम खलीफा ने किया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


