Garhwa News: शिक्षक सर्वत्र पूज्य हैं: अलखनाथ
Garhwa News: शिक्षक सर्वत्र पूज्य हैं: अलखनाथ गुरु का स्थान भगवान से भी ऊपर : अलखनाथ फोटो

Garhwa News: गढ़वा, प्रतिनिधि। आरके ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अंतर्गत संचालित आरके पब्लिक स्कूल गढ़वा, श्रीबंशीधर नगर के अधौरा, हूर और आरकेवीएस बीएड कॉलेज में शिक्षक दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ग्रुप के चेयरमैन सह शिक्षाविद् अलखनाथ पांडेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर केक काटकर किया। उक्त अवसर पर उन्होंने मां सरस्वती और भारत के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। मौके पर निदेशक ने कहा कि राजा-महाराजाओं की पूजा शायद एक-दो राज्यों तक सीमित हो सकती है, लेकिन शिक्षक सर्वत्र पूज्य होते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक की महिमा को शब्दों में पूरी तरह व्यक्त नहीं किया जा सकता।
हमारी सभ्यता और संस्कृति में गुरु का स्थान ईश्वर से भी ऊपर माना गया है। बिना गुरु के ज्ञान की प्राप्ति संभव नहीं है। उन्होंने एकलव्य का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने गुरु की प्रतिमा को अपना गुरु मानकर शिक्षा प्राप्त की। भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण ने भी धरती पर अवतरित होने के बाद गुरु से ही शिक्षा ग्रहण की। इसलिए शिक्षकों को भी अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा एवं समर्पण के साथ करना चाहिए। उन्होंने राम, कृष्ण, एकलव्य एवं अर्जुन जैसे आदर्श शिष्यों तथा गुरु वशिष्ठ, विश्वामित्र, संदीपनि, द्रोणाचार्य, शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद एवं चाणक्य जैसे महान गुरुओं के जीवन और योगदान की चर्चा की। उनके विचारों को सुनकर छात्र-छात्राएं काफी प्रभावित हुए। निदेशक ने भारत के महान शिक्षाविद् एवं पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन पर प्रकाश डालते हुए कहा कि वह बहुमुखी प्रतिभा के धनी और विराट व्यक्तित्व के स्वामी थे। जिस कॉलेज से उन्होंने शिक्षा प्राप्त की, उसी में आगे चलकर प्राध्यापक के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने आंध्र विश्वविद्यालय व बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के कुलपति के रूप में भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाया। उसके बाद उन्होंने सोवियत संघ में भारत के राजदूत, स्वतंत्र भारत के प्रथम उपराष्ट्रपति तथा दूसरे राष्ट्रपति के रूप में देश की सेवा की। उन्होंने कहा कि जब डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के शिष्यों और प्रशंसकों ने उनका जन्मदिन मनाने की इच्छा व्यक्त की, तब उन्होंने अपने जन्मदिन को व्यक्तिगत रूप से मनाने के बजाय शिक्षकों के सम्मान में शिक्षक दिवस के रूप में मनाने का सुझाव दिया। यही उनके शिक्षक-प्रेम और गुरु के प्रति सम्मान का परिचायक है। उससे पहले कार्यक्रम की शुरुआत में छात्र-छात्राओं ने निदेशक सहित सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को तिलक लगाकर और पुष्प वर्षा कर उनका अभिनंदन किया। विद्यार्थियों ने चेयरमैन, प्राचार्य एवं उपस्थित अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। उक्त अवसर पर स्कूल एवं कॉलेज के छात्र-छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कार्यक्रम के अंत में निदेशक द्वारा सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं को उपहार देकर सम्मानित किया गया।कार्यक्रम में डॉ. चंद्रदीप पाण्डेय, संतोष पाण्डेय, अनुप कुमार पाण्डेय, केआर झा, राजेश पांडेय, देवेन्द्र सिंह, नंदलाल गुप्ता, विकास तिवारी, अनीता सिन्हा, गीता पाण्डेय, अभिलाषा तिवारी, जागृति चौबे, रश्मि शुक्ला, श्वेता पाण्डेय, पूनम राय, नीतू सिंह, रुपेश पाण्डेय, नितेश पाणंडेय, रंजीत गुप्ता सहित बड़ी संख्या में शिक्षक-शिक्षिकाएं व विद्यार्थी उपस्थित थे।


