
रक्तदान महादान, मानव जाति के कल्याणार्थ बेहतरीन उपहार : डीसी
संक्षेप: झारखंड राज्य स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर आयोजित फोटो संख्या प्रताप
गढ़वा, प्रतिनिधि। बुधवार को राज्य स्थापना के रजत जयंती के मौके पर सदर अस्पताल परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। उसमें डीसी व डीडीसी समेत 15 लोगों ने रक्तदान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डीसी दिनेश यादव व अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप जलाकर किया। मौके पर उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। यह मानव जाति के कल्याण के लिए सबसे बेहतरीन उपहार है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक योग्य व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। रक्तदान कर किसी जरूरतमंद व्यक्ति की जान बचाई जा सकती है, जो मानव जाति की सच्ची सेवा है। उन्होंने रक्तदान को लेकर कई महत्वपूर्ण बातें कही।

उन्होंने कहा कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है बशर्ते की कोई गंभीर बीमारी से पीड़ित न हो। उन्होंने कहा कि रक्तदान करने से किसी प्रकार की कमजोरी नहीं होती है और न ही इसका कोई नुकसान है। नियमित अंतराल पर एक स्वस्थ एवं योग्य व्यक्ति को रक्तदान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने इसके प्रति लोगों में जागरूकता फैलाने की अपील की। साथ ही सभी रक्तदाताओं से कहा कि वह भी रक्तदान के लिए अपने परिजनों मित्रों और अन्य लोगों को प्रेरित करें। मौके पर उपस्थित सिविल सर्जन डॉ. जे एफ कैनेडी ने भी रक्तदान के प्रति लोगों को जागरूक किया। रक्तदान के प्रति लोगों में फैली भ्रांतियों को दूर किया। उन्होंने कहा कि रक्तदान महादान है। एक यूनिट ब्लड किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जिंदगी को बचा सकता है। मानव रक्त का कोई विकल्प नहीं है। यह किसी कारखाने में निर्मित नहीं किया जा सकता है। अस्पतालों में दिल की सर्जरी, जोड़ों के प्रतिस्थापन सर्जरी, अंग प्रत्यारोपण, समय से पहले जन्मे बच्चे जैसी स्थितियों में, ल्यूकेमिया और कैंसर के उपचार के लिए ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त का भंडार होना आवश्यक है। कई गर्भवती महिलाओं और थैलेसेमिक बच्चों को खास कर ग्रामीण भारत में सही समय पर रक्त उपलब्ध नहीं होने के कारण उनकी मृत्यु हो सकती है। हम अपने संसाधनों को दूसरों के साथ साझा करने के लिए बहुत सारी चीजें करते हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




