Garhwa News: एसआईआर में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी
Garhwa News: बरडीहा प्रखंड के बीडीओ प्रवीण कुमार सिंह ने आदर पंचायत में विभिन्न विकास योजनाओं और समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने चापाकल, सड़क और भवन गिरने की शिकायतें सुनीं। तकनीकी प्रबंधकों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया गया एवं अनुपस्थित रहने की स्थिति में कर्मचारी वेतन रोकने की चेतावनी दी गई।

Garhwa News: मझिआंव, प्रतिनिधि। बरडीहा प्रखंड के बीडीओ सह सीओ प्रवीण कुमार सिंह ने शुक्रवार को बरडीहा प्रखंड के आदर पंचायत में घुम- घुमकर सभी विकास योजनाओं सहित अन्य समस्याओं की जानकारी ली। उस दौरान समस्याओं का हर संभव निदान करने का आश्वासन दिया। चापाकल की खराबी से लेकर सड़क खराब होने और बारिश में घर गिरने की भी शिकायत मिली। वहीं विशेष सघन पुनरीक्षण कार्य में गंभीर लापरवाही बरतने वाले प्रखंड तकनीकी प्रबंधक और सहायक तकनीकी प्रबंधक के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। उक्त संबंध में जिला कृषि पदाधिकारी-सह-परियोजना निदेशक (आत्मा), गढ़वा को एक पत्र प्रेषित किया गया है। उसमें दोनों कर्मी के कार्यालय से गायब रहने की जानकारी दी गई।
बीडीओ ने यह भी बताया कि निर्वाचन सूची विसंगति के निष्पादन और भौतिक सुनवाई जैसे अतिसंवेदनशील और समयबद्ध कार्य में प्रतिनियुक्त होने के बावजूद बिना किसी पूर्व सूचना के अनधिकृत रूप से अनुपस्थित रहना अनुशासनहीनता है। उनको शोकॉज किया गया था। उसका संतोषजनक जवाब नहीं दिया गया। उन्होंने बताया कि उक्त कर्मियों द्वारा प्रखंड कार्यालय में योगदान देकर विधिवत स्पष्टीकरण समर्पित नहीं किया जाता है, तब तक उनके वेतन निकासी पर अगले आदेश तक रोक लगी रहेगी। 24 घंटा के अंदर योगदान नहीं करने पर सेवा मुक्त करने की कार्रवाई की चेतावनी भी दी है ।


