अनन्य मित्तल ने गढ़वा के 34वें उपायुक्त के रूप में संभाला पदभार
अनन्य मित्तल ने रविवार को गढ़वा के 34वें जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने कहा कि गढ़वा के विकास के लिए सभी का सहयोग आवश्यक है। प्रशासन को पारदर्शी और जनोन्मुखी बनाने के साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य और आधारभूत संरचना के कार्यों को प्राथमिकता दी जाएगी।

गढ़वा, प्रतिनिधि। 2015 बैच के भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी अनन्य मित्तल ने रविवार को गढ़वा के 34वें जिला दंडाधिकारी एवं उपायुक्त के रूप में पदभार ग्रहण किया। समाहरणालय स्थित उपायुक्त कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में निवर्तमान उपायुक्त दिनेश यादव ने उन्हें प्रभार सौंप पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। पदभार ग्रहण के उपरांत उपायुक्त अनन्य ने कहा कि गढ़वा के समग्र विकास के लिए सभी के सहयोग से कार्य किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन को अधिक पारदर्शी, संवेदनशील व जनोन्मुखी बनाने तथा विकास कार्यों को गति देने की प्रतिबद्धता जताई। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करते हुए अंतिम व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना प्राथमिकता होगी।
साथ ही, शिक्षा, स्वास्थ्य, आधारभूत संरचना एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा। पदभार ग्रहण के बाद जिले के विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों ने उपायुक्त मित्तल का स्वागत किया। उक्त अवसर पर उप विकास आयुक्त पशुपतिनाथ मिश्रा, अपर समाहर्ता राज महेश्वरम, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी संजय कुमार प्रसाद, जिला भूमि उपसमाहर्ता रवीश राज सिंह, जिला परिवहन पदाधिकारी धीरज प्रकाश सहित अन्य अधिकारी और कर्मीगण उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


