कांडी में बुजुर्ग की गला रेतकर नृशंस हत्या, मचा हड़कंप
गढ़वा के गोसांग गांव में 65 वर्षीय चुल्हन रजवार की गला रेतकर हत्या कर दी गई। यह घटना गुरुवार रात भूमि विवाद के चलते हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और दो संदिग्धों को हिरासत में लिया।...

कांडी (गढ़वा), प्रतिनिधि। थानांतर्गत गोसांग गांव निवासी 65 वर्षीय चुल्हन रजवार की गला रेतकर हत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना गुरुवार रात करीब आठ बजे की है। घटना का कारण भूमि विवाद बताया जाता है। उधर, सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में कर शुक्रवार को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। जानकारी के अनुसार चुल्हन के झोपड़ी से कुछ दूर रहने वाले रामचंद्र मिस्त्री ने गुरुवार रात करीब आठ बजे चुल्हन के चिल्लाने की आवाज सुनकर रात को ही परिजनों को फोन कर जानकारी दी। उस वक्त रामचंद्र घर से बाहर निकला था। जानकारी मिलने पर मृतक की पत्नी मुलिया देवी गांव के अन्य लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। जबतक उसकी पत्नी और गांव के लोग वहां पहुंचते उसकी गला काटकर हत्या कर दी गई थी। यह देखकर उसकी पत्नी और परिवार के लोग रोने चिल्लाने लगे। परिजनों ने बताया कि चुल्हन मूलत: पलामू जिलांतर्गत मोहम्मदगंज थाना के कादल का रहने वाला था। वह वहां से वर्षों पहले गोसांग गांव स्थित ननिहाल आकर बस गया था। बुधवार को कादल गांव गए चुल्हन का गोतिया के लोगों से भूमि विवाद में बहस हुई थी। वह अपना हिस्सा मांग रहा था। उसकी पत्नी ने आरोप लगाया कि जमीन विवाद में ही उसके पति की हत्या गोतिया के लोगों ने कर दी। जानकारी मिलने पर स्थानीय चौकीदार ने कांडी थाना को रात में ही घटना की सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर दलबल पहुंचे थाना प्रभारी गुलशन कुमार गौतम ने शव को कब्जे में ले लिया। उधर, कांडी थाना पुलिस मोहम्मदगंज थाना की पुलिस के सहयोग से कादल गांव के दो संदिग्धों को हिरासत में ले थाना लाकर पूछताछ कर रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


