जमशेदपुर से मांगी गई थी सलमान खान से 5 करोड़ रंगदारी, मुंबई पुलिस की टीम झारखंड रवाना

Oct 20, 2024 09:11 am ISTDevesh Mishra हिन्दुस्तान, जमशेदपुर
share

  • अभिनेता सलमान खान से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मैसेज जिस व्हाट्सएप नंबर से भेजा गया, उसका लोकेशन जमशेदपुर का निकला है। इसके बाद मुंबई से एक टीम जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई है।

जमशेदपुर से मांगी गई थी सलमान खान से 5 करोड़ रंगदारी, मुंबई पुलिस की टीम झारखंड रवाना

बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से 5 करोड़ की रंगदारी मांगने का मैसेज जिस वाट्सऐप नंबर से भेजा गया, उसका लोकेशन जमशेदपुर का निकला है। इसके बाद मुंबई से एक टीम जमशेदपुर के लिए रवाना हो गई है। सूत्रों के अनुसार, मुंबई पुलिस ने उस नंबर का लोकेशन निकालने के बाद जमशेदपुर पुलिस से सम्पर्क किया और सिम कार्ड जिसके नाम से लिया गया है, उसका भी विवरण प्राप्त किया है। फिलहाल उस नंबर का लोकेशन पश्चिम बंगाल का बता रहा है।

फिलहाल पश्चिम बंगाल बता रहा लोकेशन

मुंबई की ट्रैफिक पुलिस को रंगदारी का मैसेज मिला है। वर्तमान में उस नंबर का लोकेशन पश्चिम बंगाल निकला है। जब पुलिस ने इस नंबर की जांच आगे बढ़ाई तो पता चला कि इससे पहले यह नंबर मुंबई की तरफ मूव कर रहा था और दिल्ली तक गया था। मैसेज में लिखा गया है कि इसे हल्के में मत लीजिए, अगर सलमान खान को जिंदा रहना है और लॉरेंस बिश्नोई से दुश्मनी खत्म करनी है तो उन्हें 5 करोड़ रुपये देने होंगे।

जमशेदपुर से मांगी गई थी सलमान खान से रंगदारी

इस मामले को मुंबई पुलिस ने बेहद गंभीरता से लेते हुए वर्ली थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ऐसे में रंगदारी मांगने का मैसेज जिस वाट्सऐप नंबर से भेजा गया, उसका लोकेशन जमशेदपुर का निकला है। इस मामले में जमशेदपुर पुलिस ने कुछ भी बताने से इनकार किया है। एसएसपी किशोर कौशल ने कहा कि ऐसे कोई मामला नहीं आया है। जमशेदपुर का बॉलीवुड से पुराना जुड़ाव रहा है। शहर के इत्मियाज अली, उनके भाई साजिद अली, तनुश्री दत्ता, रसिका दुग्गल, आदर्श गौरव, प्रत्युषा बनर्जी, आर माधवन, इशिका दत्ता, शिल्पा राव, सिमोना सिंह, श्वेता प्रसाद, नीरज काबी जैसी हस्तियां बॉलीवुड में सक्रिय हैं।

गौरतलब है कि मुंबई यातायात पुलिस को धमकी भरा एक संदेश मिला थी जिसमें अभिनेता सलमान खान से पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई। अधिकारी ने बताया कि शहर के यातायात पुलिस नियंत्रण कक्ष के व्हाट्सऐप पर गुरुवार को दोपहर में संदेश आया था जिसके बाद वर्ली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत धमकी और जबरन वसूली का मामला दर्ज किया। उन्होंने बताया कि यातायात पुलिस के कर्मी द्वारा दी गई तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई है।

मशहूर अभिनेता को इससे पहले लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जान से मारने की धमकियां मिली थीं। अधिकारी ने कहा कि बिश्नोई गिरोह के सदस्यों ने अप्रैल में अभिनेता के बांद्रा स्थित आवास के बाहर गोलीबारी भी की थी। इस बीच, नवी मुंबई पुलिस ने गुरुवार को बिश्नोई गिरोह द्वारा पिछले जून में खान की हत्या की साजिश रचे जाने का पर्दाफाश किया और उसके एक ‘शूटर’ को गिरफ्तार कर लिया, जिसकी पहचान हरियाणा के पानीपत निवासी सुखबीर सिंह के रूप में हुई है।

(भाषा इनपुट के साथ)

Devesh Mishra

लेखक के बारे में

Devesh Mishra
देवेश मिश्रा लाइव हिन्दुस्तान में कार्यरत हैं। साल 2022 में उन्होंने यहीं से बतौर ट्रेनी अपने करियर की शुरुआत की। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है। उन्हें वायरल और यूनिक खबरों में विशेष दिलचस्पी रहती है। खबर लिखने के साथ-साथ वीडियो और पॉडकास्ट बनाने में भी मन रमता है। देवेश को डिबेट का शौक है। इसके लिए उन्हें दर्जनों बार गोल्ड मेडल भी मिल चुका है। समय मिलने पर साहित्य की शरण में जाना पसंद करते हैं। कीबोर्ड के बाद अब हारमोनियम पर उंगलियां सेट कर रहे हैं। और पढ़ें