संताल आदिवासी समुदाय ने की मांझी थान में साप्ताहिक पूजा-अर्चना
रानेश्वर के मोहनपुर गांव में संताल आदिवासी समुदाय द्वारा साप्ताहिक पूजा का आयोजन शुरू किया गया। समाजसेवियों की पहल पर ग्रामीण एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों से पूजा-अर्चना करते हैं। इसका उद्देश्य सामुदायिक एकता, आध्यात्मिक शांति और सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना है। पूजा से गांव में सुख-शांति और भाईचारा बढ़ेगा।

रानेश्वर। रानेश्वर प्रखंड के मोहनपुर गांव में समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन,आनंद टुडू,संजय मुर्मू के संयुक्त पहल पर गांव के लेखा होड़ तथा ग्रामीणों ने संताल आदिवासी समुदाय द्वारा अपने पारंपरिक पूजा स्थल मांझी थान में साप्ताहिक पूजा की शुरुआत की गई। इस अवसर पर गांव के महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने सामूहिक रूप से मांझी थान में एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार धूप, अगरबत्ती, जल, लड्डू, गुड़,चूड़ा,पानी आदि अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए मांझी थान में सामूहिक साप्ताहिक पूजा अत्यंत आवश्यक है।
यह पूजा संताल आदिवासी समाज के आराध्य देव मरांग बुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए आयोजित की जाती है।इस अवसर पर समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन ने कहा साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक एकता, आध्यात्मिक शांति तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह पहल विशेष रूप से युवा पीढ़ी और बच्चों को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के लिए की गई है, ताकि वे अपने रीति-रिवाजों को समझें, उनका सम्मान करें और उस पर गर्व महसूस करें।समाजसेवी ने आगे कहा कि यह सप्ताहिक पूजा संताल समाज के लिये मिल का पत्थर साबित होगा।जो आगे चलकर संताल समाज में धार्मिक,आर्थिक,सामाजिक रूप से समाज को मजबूती प्रदान करेगा।इस अवसर पर बच्चों को सकारात्मक जीवन मूल्यों की ओर प्रेरित करने के लिए विशेष विनती(प्रार्थना) भी की गई, जिसमें नशा से दूर रहने, नियमित रूप से विद्यालय जाने, माता-पिता एवं बुजुर्गों की सेवा और सम्मान करने का संदेश दिया गया। ग्रामीणों का मानना है कि साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) से गांव और परिवार में सुख-शांति, समृद्धि और भाईचारा बढ़ेगा तथा धर्म, संस्कृति और सभ्यता को बचाए रखने में मदद मिलेगी।जो आगे चलकर संताल समाज में धार्मिक,आर्थिक,सामाजिक रूप से समाज को मजबूत करेगा। पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) में मंझी बाबा प्रधान हेम्ब्रम,नायकी गोविंद मुर्मू, देवीसिंह मुर्मू, पुलिस मुर्मू, मोतीलाल मुर्मू, सिकंदर मुर्मू, नानी मरांडी, सुबोरी हेम्ब्रम,मिना मरांडी, सेबेन मुर्मू,चुकह सोरेन, राजू सोरेन,मंगल सोरेन,लुखी बास्की,रमनी मुर्मू, के साथ काफी संख्या में महिला,पुरुष,बुजुर्ग और बच्चे उपस्थित थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


