दो हाइवा की आमने-सामने टक्कर, आधे घंटे तक केबिन में ही फंसे रहे चालक

Newswrap हिन्दुस्तान, दुमका
share

गोपीकांदर में गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर दो कोयला लदे हाइवा की भिड़ंत हो गई। एक चालक केबिन में फंसा रहा, जिसे ग्रामीणों ने बाहर निकाला। जामा में ट्रेलर और ट्रक के बीच टक्कर हुई, जिसमें ट्रेलर पलट गया। दोनों घटनाओं में घायल चालकों का इलाज कराया गया है।

दो हाइवा की आमने-सामने टक्कर, आधे घंटे तक केबिन में ही फंसे रहे चालक

गोपीकांदर, प्रतिनिधि। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर गोपीकांदर मुख्य चौक के पास गुरुवार को दो कोयला लदे हाइवा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में दोनों वाहनों का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस घटना में हाइवा संख्या जेएच04यू3424 के चालक करीब आधे घंटे तक केबिन में ही फंसा रहा।

घटनास्थल पर बचाव कार्य

सूचना मिलते ही गोपीकांदर थाना के एएसआई राजन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से केबिन को काटकर केबिन में फंसे चालक को सुरक्षित बाहर निकाला। घायल चालक रंजीत राय ने बताया कि सामने से आ रहे 16 चक्का हाइवा संख्या रेएच04एडी8663 के दाहिने तरफ का अगला टायर अचानक फट गया। इससे वाहन अनियंत्रित होकर उनके हाइवा से टकरा गया। हादसे के बाद दूसरे हाइवा का चालक और उपचालक वाहन छोड़कर फरार हो गए। दुर्घटना के कारण स्टेट हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। गोविंदपुर-साहिबगंज मार्ग करीब आधे घंटे तक जाम रहा। एएसआई राजन सिंह, बीजीआर कंपनी के पेट्रोलिंग मैनेजर मनोज चांद और बैजनाथ राय ने क्रेन मंगवाकर हाईवे पर फंसे दोनों कोयला वाहनों को हटवाया। इसके बाद जाम खुला और यातायात सामान्य हो सका। घायल चालक का इलाज कराया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है。

जामा में ट्रेलर और ट्रक की टक्कर

दो वाहनों की आमने-सामने भिड़ंत, ट्रेलर खेत में पलटा, चालक घायल

जामा, प्रतिनिधि। दुमका-भागलपुर मुख्य मार्ग पर जामा थाना क्षेत्र के लकड़ापहाड़ी के समीप गुरुवार सुबह ट्रेलर व ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में ट्रेलर चालक घायल हो गया। जानकारी के अनुसार भागलपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर ट्रक संख्या ओडी 09वी 7896 तेज गति में था। इसी दौरान कोलकाता से चावल लोड कर भागलपुर की ओर जा रहे ट्रक संख्या एनएल 01डी 1125 से उसकी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर सड़क से करीब 200 मीटर दूर खेत में जाकर पलट गया। घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को वाहन से बाहर निकाला गया। सूचना मिलने पर जामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को बेहतर इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल दुमका भेज दिया। बाद में हाइड्रा मशीन की सहायता से पलटे ट्रेलर को बाहर निकाला गया। जामा थाना पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

गोपीकांदर में किस प्रकार का हादसा हुआ?
गोपीकांदर में दो कोयला लदे हाइवा की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।