Dumka News: एसएचजी से ऋण लेकर सब्जी खेती शुरू की
Dumka News: सरैयाहाट में जेएसएलपीएस कार्यालय में आजीविका कृषक मित्रों को खेती के लिए प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षकों ने रोग, किट, खाद और मृदा प्रबंधन पर जानकारी दी। मीना और अनीता ने ऋण लेकर सब्जी की खेती शुरू की और अब हर महीने 30-35 हजार रुपये कमा रही हैं। यह प्रशिक्षण महिलाओं को खेती से जोड़ने के लिए था।

Dumka News: सरैयाहाट, प्रतिनिधि। सरैयाहाट प्रखंड परिसर स्थित जेएसएलपीएस कार्यालय में मंगलवार को आजीविका कृषक मित्रों को खेती-किसानी से संबंधित प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण के दौरान कृषकों को किट प्रबंधन, खाद प्रबंधन, रोग प्रबंधन और मृदा प्रबंधन की विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षक एफटीसी सुरेश किस्कू ने किसानों को आधुनिक एवं वैज्ञानिक तरीके से सब्जी उत्पादन कर आय बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने चरकापाथर पंचायत के ककनियां गांव की मीना देवी और अनीता देवी की सफलता की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि मीना देवी ने स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) से 40 हजार रुपये तथा अनीता देवी ने 50 हजार रुपये का ऋण लेकर सब्जी की खेती शुरू की थी।
मेहनत और बेहतर प्रबंधन के बल पर दोनों महिलाएं अब एक-एक एकड़ जमीन में विभिन्न प्रकार की सब्जियों की खेती कर रही हैं। दोनों महिलाएं सब्जी उत्पादन से प्रत्येक माह करीब 30 से 35 हजार रुपये की आमदनी कर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बन रही हैं। इनके खेतों में मूंग, भिंडी, बरबट्टी, करेला, नेनुआ और बैंगन समेत कई सब्जियों का उत्पादन हो रहा है। प्रशिक्षण में कृषक मित्रों से ऐसे सफल किसानों के अनुभवों से सीख लेकर ग्रामीण महिलाओं को खेती से जोड़ने पर जोर दिया गया।


