बाइक की टक्कर से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत
-जामा थाना क्षेत्र के जामा-पालाजोरी मुख्य पथ पर चतरा गांव के समीप शुक्रवार शाम हुई घटना

जामा थाना क्षेत्र के जामा-पालाजोरी मुख्य पथ पर चतरा गांव के समीप शुक्रवार शाम हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 40 वर्षीय सुरेन्द्र मंडल की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार सुरेन्द्र मंडल दुमका मवेशी हाट से बैल खरीदकर अपने गांव हल्दीपट्टी लौट रहे थे। इसी दौरान चतरा गांव के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक जेएच 04 पी 8149 होंडा शाइन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों एवं जामा थाना पुलिस के सहयोग से घायल अवस्था में उन्हें एंबुलेंस के माध्यम से इलाज के लिए फूलो झानो मेडिकल अस्पताल दुमका पहुंचाया। जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद का प्रभाव
बताया जाता है कि सुरेन्द्र मंडल अपने परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य थे। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वे अपने पीछे बूढ़े माता-पिता, पत्नी एवं अन्य परिजनों को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने की मांग प्रशासन से की है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। घटना के बाद क्षतिग्रस्त बाइक को मौके पर ही छोड़कर बाइक चालक फरार बताया जाता है। बाइक की क्षतिग्रस्त स्थिति को देखते हुए अंदाजा लगाया जा रहा है कि बाइक चालक भी इस घटना में घायल हुआ होगा। पुलिस क्षतिग्रस्त बाइक को जब्त कर बाइक मालिक की पता लगाने में जुट गई है।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


