
पानी टैंकर से कुचलने से दो महिला की मौत
रामगढ़ थाना क्षेत्र में रविवार को एक पानी टैंकर ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मां और बेटी की मौत हो गई। बाइक पर सवार पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। तीनों झांझर आदिवासी टोला में एक शादी समारोह में जा रहे थे। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सड़क जाम कर दी और मुआवजे की मांग की।
रामगढ़, प्रतिनिधि। रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत कारुडीह पंचायत के झांझर मंडल टोला एवं ठाकुर टोला के बीच पानी टैंकर ने बाइक में धक्का मार दिया। इस घटना में बाइक में सवार मां और बेटी की मौत हो गई,जबकि बाइक सवार पुत्र गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। यह घटना रविवार को शाम में हुई। सभी की पहचान रामगढ़ थाना के केन्दखपड़ा गांव के सुरेन्द्र मुर्मू, मां संझली बास्की तथा बहन बहामुनी हेम्ब्रम के रूप में हुई है। युवक सुरेन्द्र मुर्मू अपनी मां और बहन को लेकर रामगढ़ के ही झांझर आदिवासी टोला जा रहा था। झांझर आदिवासी टोला में शादी समारोह था।
शादी समारोह में ही तीनों शरीक होने के लिए जा रहे थे। जानकारी के अनुसार जोराडीहा मोड़ से कारुडीह गांव तक प्रधानमंत्री सड़क योजना के तहत रोड निर्माण का कार्य चल रहा है। रोड निर्माण में पानी टैंकर को रखा गया है। इसी बीच कारुडीह पंचायत के झांझर मंडल टोला एवं ठाकुर टोला के बीच पानी टैंकर ने बाइक में जोरदार धक्का मार दिया। घटना में दोनों मां और बेटी की मौत मौके पर ही हो गई,जबकि पुत्र सड़क की दूसरी ओर गिरने की वजह से उसकी जान बच गई। वह जख्मी हो गया है। घटना की सूचना पाकर रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंच कर शव को कब्जे में लेने के प्रयास कर रही है। मौके पर मौजूद लोगों ने दोषी को पकड़ने तथा मुआवजा की मांग को लेकर झांझर कारुडीह मार्ग को जाम कर दिया है। पुलिस लोगों को समझाने का प्रयास कर रही है। देर शाम तक सड़क जाम नहीं हट पाया था। सड़क जाम के कारण वाहनों की लंबी कतारे लग गई थी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




