Dumka News: उपराजधानी दुमका में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया शिक्षक दिवस
Dumka News: -शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न शिक्षण संस्थानों में बच्चों की ओर से कार्यक्रम का आयोजन किया गया, कई संस्थानों में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित हुए

Dumka News: दुमका, प्रतिनिधि। उपराजधानी दुमका में शनिवार को शिक्षक दिवस हर्षोल्लास और सम्मान के साथ मनाया गया। जिले के विभिन्न सरकारी व गैर शिक्षण संस्थानों में शिक्षक दिवस के अवसर पर बच्चों द्वारा समारोह आयोजित कर शिक्षकों को सम्मानित किया गया। विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों का स्वागत कर उन्हें सम्मानित किया तथा उनके योगदान को याद किया। कार्यक्रमों की शुरुआत महान शिक्षाविद् एवं देश के पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। मौके पर मौजूद छात्रों ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल पाठ्यक्रम का ज्ञान ही नहीं देते, बल्कि विद्यार्थियों को जीवन में सही दिशा दिखाने और बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। मौके पर जिले के कई शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम, भाषण, कविता पाठ, गीत-संगीत एवं नृत्य प्रस्तुत कर शिक्षकों के प्रति सम्मान प्रकट किया।
शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग में आयोजित हुआ कार्यक्रम
सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय के स्नातकोत्तर हिंदी विभाग में शनिवार को शिक्षक दिवस समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सेमेस्टर-दो एवं अंतिम सेमेस्टर के छात्र-छात्राएं और शिक्षकगण मौजूद रहे। समारोह की शुरुआत नेपाल में आई प्राकृतिक आपदा में प्रभावित लोगों के प्रति दो मिनट का मौन रखकर की गई। इसके बाद डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया गया। इस अवसर पर विभागाध्यक्ष डॉ. विनय कुमार सिंह, डॉ. अजय शुक्ला, डॉ. अमीर हसन और डॉ. राजेश प्रसाद ने विद्यार्थियों को शिक्षा, अनुशासन और मानवीय मूल्यों के प्रति प्रेरित किया। छात्र-छात्राओं ने नाटिका, गीत, नृत्य और कविता पाठ से समां बांधा। संचालन जोगिंदर पाल ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन बिट्टू सोरेन ने किया।
दुमका के विभिन्न संस्थानों में शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम आयोजित
फोटो संख्या-30-हिंदी विभाग में शिक्षक दिवस समारोह के दौरान मंच पर मौजूद शिक्षकगण
दुमका, प्रतिनिधि।
सीएम उत्कृष्ट विद्यालय (बालिका) दुमका में शनिवार को शिक्षक दिवस के अवसर पर भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यालय की 75वीं वर्षगांठ (प्लेटिनम जयंती) के उपलक्ष्य में प्रतीक चिन्ह और ध्येय वाक्य का अनावरण रहा। इसका अनावरण जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार एवं प्रभारी प्राचार्या सुमिता टुडू ने संयुक्त रूप से किया। प्रतीक चिन्ह और ध्येय वाक्य के निर्माण में अहम योगदान देने वाली छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसमें दीपिका सदन की छात्रा अलीना अमन (नवम ए) ने प्रतीक चिन्ह बनाया, जबकि सरोजिनी सदन की छात्रा आद्या श्री (बारहवीं विज्ञान) ने ध्येय वाक्य तैयार किया। इसके साथ ही राष्ट्रीय कैडेट कोर की छात्राओं को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। मंच का संचालन नीतू भारती के साथ छात्राओं सिद्धि और सुहानी केशरी ने किया।
शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन
जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) दुमका में शनिवार को शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में जिले के उन शिक्षकों को सम्मानित किया गया। जिन्होंने रेल मासिक परीक्षा के लिए प्रश्न पत्र निर्माण, सतत पेशेवर विकास प्रशिक्षण में प्रशिक्षक की भूमिका और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के विकास में योगदान दिया। अपने विद्यालय में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाध्यापकों को भी सम्मान मिला। जिला शिक्षक उत्कृष्ट सम्मान 2026 के लिए मसलिया प्रखंड के मध्य विद्यालय गम्हरिया के शिक्षक उज्जवल कुमार ठाकुर को प्रशस्ति पत्र, शॉल और 15 हजार रुपये का चेक देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार, प्रभारी प्राचार्य मधुश्री कुमारी एवं संकाय सदस्यों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। समारोह में कुल 98 शिक्षक-शिक्षिकाओं को सम्मानित किया गया
रंगारंग समारोह का आयोजन
सिदो कान्हू उच्च विद्यालय में शनिवार को शिक्षक दिवस पर रंगारंग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत निर्देशिका सुनीता मुखर्जी, रूशाली मुखर्जी और प्राचार्य इंद्रजीत प्रसाद भगत ने दीप प्रज्वलित कर की। डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण कर केक काटा गया।विद्यालय सचिव प्रदीप्त मुखर्जी ने कहा कि शिक्षक जीवन को दिशा देने वाले मार्गदर्शक होते हैं। प्राचार्य इंद्रजीत भगत और सीनियर सेकेंडरी के प्राचार्य देवप्रिय मुखर्जी ने विद्यार्थियों को अनुशासन, संस्कार और लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा दी।छात्र-छात्राओं ने नृत्य, संगीत, मिमिक्री और ड्रामा प्रस्तुत कर समां बांधा। मंच संचालन हेड गर्ल रिया कुमारी साहा सहित अन्य छात्रों ने किया। अंत में उप प्राचार्य राजेश झा ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
दृष्टिबाधित छात्रों का शिक्षक दिवस
नेत्रहीन आवासीय विद्यालय श्रीअमड़ा में दृष्टिबाधित छात्र-छात्राओं ने हर्षोल्लास के साथ शिक्षक दिवस मनाया। मुख्य अतिथि फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज की दंत चिकित्सक डॉ. श्वेता स्वराज ने केक काटकर डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन किया। विशिष्ट अतिथि के रूप में मनोज कुमार घोष, जतिन कुमार, नईम खान मौजूद रहे। मंच संचालन बिरसा दिव्यांग समिति के कोषाध्यक्ष प्रियतम कुमार सिंह ने किया। बच्चों सचिव शिवानंद महतो ने कहा कि शिक्षक व्यक्तित्व निर्माण कर जीवन को दिशा देते हैं। डॉ. श्वेता ने कहा कि दिव्यांगता कमजोरी नहीं, समाज की विविधता है। जतिन कुमार और मनोज घोष ने भी विचार रखे। विशेष शिक्षक तापस ने ब्रेल लिपि से पढ़ाई की जानकारी दी। अंत में संजय ठाकुर ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
आईसीटी कंप्यूटर केंद्र का समारोह
शिक्षक दिवस पर द सिटी उद्यान में आईसीटी कंप्यूटर केंद्र की ओर से भव्य समारोह का आयोजन किया गया। विद्यार्थियों ने शिक्षकों के सम्मान में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। रोज मेरी समूह के दक्षिण भारतीय नृत्य, पालक के एकल मिश्रित नृत्य, मीनाक्षी के एकल प्रदर्शन, बाशु समूह के बालक समूह नृत्य और पायल के नृत्य ने खूब तालियां बटोरीं। निदेशक नवीन रावत ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता ही शिक्षकों के लिए सबसे बड़ा उपहार है। निदेशक प्रशांत सिन्हा ने कहा कि जिस प्यार से शिक्षकों को सम्मान दिया, वही प्यार माता-पिता को भी दें और मेहनत कर उनका नाम रोशन करें।
स्कूलों में शिक्षक दिवस की धूमधाम
वेस्टर्न इंग्लिश स्कूल में शिक्षक दिवस धूमधाम से मनाया गया। नर्सरी से 12वीं तक के छात्र-छात्राओं ने समारोह का आयोजन किया। विद्यालय निदेशक अजय कुमार दुबे निदेशक ने केक काटकर बच्चों को आशीर्वाद दिया। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम में जन्माष्टमी पर कृष्ण लीला, आध्या की गुरु वंदना सहित गीत, नृत्य और कविता प्रस्तुत की गई। छात्रों ने कक्षा को आकर्षक ढंग से सजाया। सचिव कुमार आर्यन ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ और देश निर्माता हैं। संचालन 12वीं के विद्यार्थियों और वरिष्ठ शिक्षक राजेश कुमार झा ने किया।
फोटो संख्या 31 प्रतीक चिन्ह बनाने वाली छात्रा को सम्मानित करते जिला शिक्षा पदाधिकारी संजीत कुमार।
फोटो संख्या 32 सम्मानित होते शिक्षक उज्जवल कुमार ठाकुर।
फोटो संख्या 33 सिदो कान्हू उच्च विद्यालय में शिक्षक दिवस पर केक काटते शिक्षकगण।
फोटो संख्या 34 शिक्षक दिवस पर केक काटते अतिथि
फोटो संख्या 35 शिक्षक दिवस समारोह के दौरान मंच पर मौजूद शिक्षकगण
फोटो संख्या 36 शिक्षक दिवस पर कक्षा में केक काटकर खुशी मनाते विद्यालय परिवार के सदस्य।

