
अवैध खनन में संलिप्त लोगों व संचालकों को चिन्हित कर करें कार्रवाई : उपायुक्त
दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में खनन से संबंधित बैठक हुई। उपायुक्त ने अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर कड़ी रोक लगाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निरीक्षण और नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई करने के लिए कहा। अवैध खदानों को ध्वस्त करने और वाहनों की जांच को सख्त बनाने का भी निर्देश दिया गया।
दुमका, प्रतिनिधि। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में समाहरणालय सभागार में खनन से संबंधित एक बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक में उपायुक्त ने अवैध खनन, अवैध परिवहन एवं अवैध भंडारण पर सख्त रोक लगाने को लेकर स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि संबंधित पदाधिकारी प्रत्येक स्तर पर नियमित निरीक्षण करे तथा जहां भी नियमों का उल्लंघन मिले, वहां तत्काल प्रभाव से विधि सम्मत कार्रवाई सुनिश्चित करें। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अवैध खनन में संलिप्त व्यक्तियों एवं संचालकों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर कार्रवाई करें। उपायुक्त ने कहा कि जहां-जहां अवैध खदानें चिन्हित हों उन्हें डोजरिंग के माध्यम से ध्वस्त करें, ताकि भविष्य में पुनः संचालित न हो सकें।
जिले की सीमाओं एवं प्रमुख मार्गों पर अवैध परिवहन करने वाले वाहनों की नियमित जांच की जाए। यदि किसी वाहन के कागजात अधूरे अथवा नियमों के विपरीत पाए जाएं तो नियमों के अनुसार दंडात्मक कार्रवाई अनिवार्य रूप से की जाए। उपायुक्त ने यह भी कहा कि खनन से संबंधित सभी गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जाए, विशेषकर रात्रिकालीन अवधि में गश्ती व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए। उन्होंने सभी थाना प्रभारी एवं अंचल अधिकारियों को नियमित रूप से वाहनों की जांच करने का निर्देश दिया। बैठक में पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार सहित वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




