
9वें दीक्षांत समारोह की तैयारी पूरी, राज्यपाल करेंगे दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता
दुमका में सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय का 9वां दीक्षांत समारोह सोमवार को होगा। समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार अध्यक्षता करेंगे। 116 छात्रों को उपाधि और 78 को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे। तृप्ति शोभा मरांडी को सर्वश्रेष्ठ स्नातक का पदक मिलेगा। समारोह सुबह 10 बजे से शुरू होगा।
दुमका, प्रतिनिधि। सिदो कान्हु मुर्मू विश्वविद्यालय का 9वां दीक्षांत समारोह सोमवार को दुमका के कन्वेंशन हॉल में होगा। दीक्षांत समारोह की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। रविवार को विश्वविद्यालय की कुलपति ने प्रो. कुनूल कंदीर ने कन्वेंशन हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान दीक्षांत समारोह की तैयारी की पूरी जानकारी दी। कुलपति प्रो कुनूल कंदीर ने बताया कि 9वें दीक्षांत समारोह में झारखंड के राज्यपाल सह कुलाधिपति संतोष कुमार गंगवार पहुंचेंगे। दीक्षांत समारोह की अध्यक्षता राज्यपाल करेंगे। कुलपति ने बताया कि जिन छात्रों को गोल्ड मेडल मिलना है, उन सभी छात्रों का रजिस्ट्रेशन हो चुका है। बताया कि दीक्षांत समारोह में कुल 116 छात्र-छात्राओं को उपाधि प्रदान की जाएगी, जिसमें 78 छात्र-छात्राओं को गोल्ड मेडल प्रदान किए जाएंगे, जबकि 37 शोधार्थियों को पीएच.डी. की उपाधि प्रदान की जाएगी।
विश्वविद्यालय द्वारा इस वर्ष सर्वश्रेष्ठ स्नातक (बेस्ट ग्रेजुएट पदक) के रूप में तृप्ति शोभा मरांडी को सम्मानित किया जाएगा। वह सेंट जेवियर्स कॉलेज, महरो की गणित विभाग की यूजी सत्र 2021-24 की छात्रा रही हैं और उन्होंने अपने सत्र में सर्वोत्तम अंक प्राप्त किए हैं। राज्यपाल 78 मेधावी छात्र-छात्राओं को स्वर्ण पदक के मेडल और डिग्री प्रदान कर सम्मानित करेंगे। इसके अलावे राज्यपाल सभी पीएचडी स्कॉलर्स को उपाधि प्रदान करेंगे। उन्होंने बताया कि दीक्षांत समारोह के पूर्व संध्या पर कन्वेंशन हॉल में विश्वविद्यालय के पदाधिकारियों की ओर से रिहर्सल किया गया। रिहर्सल में विश्वविद्यालय के सभी पदाधिकारी मौजूद थे। साथ ही विद्यार्थियों के बीच पोशाक वितरण किए गए। बताया कि समारोह में शामिल होने वाले पुरुष छात्रों को सफेद कुर्ता, पायजामा और छात्राओं को सफेद सलवार सूट या लाल बॉर्डर वाली सफेद या हाफ व्हाट साड़ी में नजर आएंगे। इस दौरान कुलपति ने विद्यार्थियों को समय पर आने को कहा है। उन्होंने बताया कि सुबह 10:00 बजे से कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। राजपाल का स्वागत पारंपरिक लोटा पानी से किया जाएगा। प्रेस वार्ता में कुलपति प्रो कुनूल कंदीर के अलावे कुलसचिव डा. राजीव रंजन शर्मा,परीक्षा नियंत्रक डॉ. रीना नीलिमा लकड़ा, डीन मानविकी डॉ. पी.पी. सिंह, ओएसडी परीक्षा डॉ. इंद्रनील मंडल, ओएसडी पीएचडी डॉ. इंद्रजीत कुमार, डॉ अजय सिन्हा एवं दीपक कुमार मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




