आध्यात्मिक शांति व सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से मांझी थान में पूजा शुरू

Mar 09, 2026 01:47 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दुमका
share

दुमका के गुलामसुली गांव में संताल आदिवासी समुदाय ने मांझी थान में साप्ताहिक पूजा की शुरुआत की। इस पूजा में गांव के लोग पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार सामूहिक रूप से एकत्र हुए। इसका उद्देश्य धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखना है, विशेष रूप से युवा पीढ़ी को अपनी संस्कृति से जोड़ना।

आध्यात्मिक शांति व सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने के उद्देश्य से मांझी थान में पूजा शुरू

दुमका। प्रतिनिधि रानेश्वर प्रखंड के गुलामसुली गांव के छोटा गुलामसुली टोला में गांव के लेखा होड़ (गांव को संचालित करने वाले) तथा ग्रामीणों की पहल पर संताल आदिवासी समुदाय की ओर से अपने पारंपरिक पूजा स्थल मांझी थान में साप्ताहिक पूजा की शुरुआत की गई। इस अवसर पर गांव के महिला, पुरुष, बुजुर्ग और बच्चों ने सामूहिक रूप से मांझी थान में एकत्र होकर पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार धूप, अगरबत्ती, जल, लड्डू, गुड़ एवं चूड़ा अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की। ग्रामीणों का कहना है कि वर्तमान समय में धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को बनाए रखने के लिए मांझी थान में सामूहिक साप्ताहिक पूजा अत्यंत आवश्यक है।

यह पूजा संताल आदिवासी समाज के आराध्य देव मरांग बुरु के प्रति श्रद्धा व्यक्त करने के लिए आयोजित की जाती है। ग्रामीणों के अनुसार साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक एकता, आध्यात्मिक शांति तथा सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और इसे नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। यह पहल विशेष रूप से युवा पीढ़ी और बच्चों को अपनी परंपरा और संस्कृति से जोड़ने के लिए की गई है, ताकि वे अपने रीति-रिवाजों को समझें, उनका सम्मान करें और उस पर गर्व महसूस करें। समाजसेवी सच्चिदानंद सोरेन ने कहा कि यह सप्ताहिक पूजा संताल समाज के लिए मिल का पत्थर साबित होगा,जो आगे चलकर संताल समाज में धार्मिक,आर्थिक,सामाजिक रूप से समाज को मजबूत करेगा।पूजा के उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। इस साप्ताहिक मांझी थान बोंगा बुरु (पूजा) में पोरेस मुर्मू, दिनेश सोरेन, गंगा टुडू, धुमह मुर्मू, ठाकुर सोरेन, बिट्टू मरांडी, लुखिन्दर मरांडी, मोहिलाल टुडू, सुपलाल सोरेन, तोनोय हेम्ब्रम, होपना मुर्मू, सोनमनी टुडू, सुकुमुनि किस्कू, पतामुनि हेम्ब्रम, मलूती हेम्ब्रम, सुंदरी सोरेन, सोनामुनि मरांडी, गुस्तो सोरेन, संजोती मुर्मू, मेनका मुर्मू, डेसी मुर्मू सहित बड़ी संख्या में महिला, पुरुष एवं बच्चे उपस्थित थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।