Dumka News: गुमरो में जमींदारी काल से चली आ रही दुर्गा पूजा की तैयारी तेज
Dumka News: मसलिया प्रखंड में शारदीय नवरात्र के अवसर पर दुर्गा पूजा की तैयारियां चल रही हैं। पूजा पंडाल और मां दुर्गा की प्रतिमा निर्माण अपने अंतिम चरण में हैं। गुमरो गांव की ऐतिहासिक वार्षिक दुर्गा पूजा धूमधाम से मनाने की तैयारी हो रही है। भव्य मेले का आयोजन भी किया जाएगा।

Dumka News: दलाही, प्रतिनिधि। मसलिया प्रखंड क्षेत्र में शारदीय नवरात्र को लेकर दुर्गा पूजा की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। जगह-जगह पूजा पंडालों में मां दुर्गा की प्रतिमा और पंडाल निर्माण का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। वहीं, मंदिरों की रंगाई-पुताई भी तेजी से की जा रही है। पूजा को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है।
गुमरो गांव की तैयारी
गुमरो गांव में जमींदारी प्रथा काल से चली आ रही ऐतिहासिक वार्षिक दुर्गा पूजा इस वर्ष भी धूमधाम से मनाने की तैयारी है। पूजा के लिए नए चाली में मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा तैयार की जा रही है। मोहलीडीह गांव निवासी शिल्पकार सपन पंडित और बादल पंडित दिन-रात प्रतिमा को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। शिल्पकारों ने बताया कि सप्तमी तिथि से पहले प्रतिमा पूरी तरह तैयार कर दी जाएगी। जमींदार परिवार के सातवीं पीढ़ी के वंशज हरिहर प्रसाद सिंह ने बताया कि गुमरो की दुर्गा पूजा की परंपरा मुगलकाल से चली आ रही है। सबसे पहले नारायण सिंह ने मां दुर्गा की प्रतिमा स्थापित कर पूजा की शुरुआत की थी। इसके बाद गोबिंद नारायण सिंह, हंसराज सिंह, दुर्गा प्रसाद सिंह, रामचंद्र सिंह और राजकिशोर सिंह ने इस परंपरा को आगे बढ़ाया। इस बार भी सप्तमी, अष्टमी और नवमी को विशेष पूजा-अर्चना होगी। दशमी के दिन भव्य शोभायात्रा निकालकर बड़ाबंध तालाब में प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा। पूजा के साथ भव्य मेले का भी आयोजन होगा। मेले को लेकर ग्रामीणों में खासा उत्साह है।


