धोखाधड़ी कर लाखों रुपए की ठगी करने के आरोप में पाकुड़ जिला से एक गिरफ्तार
दुमका में मो. कमल हसन अंसारी को बीएड में नामांकन कराने के नाम पर लाखों की ठगी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोप है कि उसने कई विद्यार्थियों से पैसे लिए, लेकिन नामांकन नहीं कराया। इस मामले में शिकायतकर्ता मिथिलेश कुमार ने थाने में धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

दुमका, प्रतिनिधि। बीएड में नामांकन कराने के नाम पर लाखों की ठगी करने के आरोप में नगर थाना की पुलिस ने पाकुड़ जिला के हिरणपुर थाना अन्तर्गत लखनपुर गांव से एक आरोपी मो. कमल हसन अंसारी को गिरफ्तार कर दुमका ले आई और केन्द्रीय कारा भेज दिया। यह कार्रवाई दुमका शहर के रसिकपुर लिची बगान निवासी मिथिलेश कुमार के लिखित बयान पर पुलिस ने की है। आरोप है कि मो. कमल हसन अंसारी बीएड व नौकरी दिलाने के नाम पर कई विद्यार्थियों से लाखों रुपए की ठगी कर चुका है। आरोपी ने दुमका के मिथिलेश कुमार से भी बीएड में नामांकन कराने के नाम पर 1.40 लाख रूपए की ठगी की थी।
रुपए देने के बाद भी बीएड में नामांकन नहीं हो पाया। नामांकन नहीं होने पर आरोपी से रूपए की मांग की गई। रुपए देने में आरोपी आना-कानी करने लगा। उसने आरोपी को ऑन लाइन रुपए दिए थे। बार-बार मांगने के बाद भी रुपए नहीं दिए जा रहे थे। अंत में मिथिलेश ने 5 फरवरी 2026 को नगर थाना में मो. कमल हसन अंसारी के विरुद्ध धोखाधड़ी की प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने जांच पड़ताल की और 23 जून को आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार करने के बाद पुलिस आरोपी को दुमका लेकर आई। नगर थाना में पूछताछ के बाद उसे केन्द्रीय कारा भेज दिया गया। अनुसंधानकर्ता का कहना है कि आरोपी पर अन्य कई विद्यार्थियों से भी नौकरी व बीएड में नामांकन कराने के नाम पर ठगी करने का आरोप है, पर थाना में मिथिलेश कुमार ने ही लिखित आवेदन दिया था।


