
जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
दुमका में 1 से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन हो रहा है। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने जागरूकता रथ को रवाना किया। उन्होंने सड़क सुरक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि इस वर्ष शून्य मृत्यु वाला महीना मनाने का लक्ष्य है। जागरूकता गतिविधियों में ड्रंक एंड ड्राइव अभियान और स्वास्थ्य जांच शिविर शामिल हैं।
दुमका। 1 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में दुमका जिले में सड़क सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रमों की विधिवत शुरुआत की गई। उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने समाहरणालय परिसर से सड़क सुरक्षा जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि सड़क सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में से एक है। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए आमजनों का यातायात नियमों के प्रति जागरूक एवं जिम्मेदार होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह-2026 की थीम “सीख से सुरक्षा, तकनीक से परिवर्तन” निर्धारित की गई है।
इस वर्ष माह जनवरी को शून्य मृत्यु वाला महीना के रूप में मनाने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में मृत्यु दर को शून्य की ओर ले जाया जा सके। उपायुक्त ने कहा कि पूरे माह जिलेभर में विभिन्न जागरूकता एवं प्रवर्तन गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी, जिनमें प्रभात फेरी, स्वास्थ्य जांच शिविर, ड्रंक एंड ड्राइव अभियान, स्कूलों में सड़क सुरक्षा कार्यशालाएं, गुड सेमेरिटन योजना का प्रचार, हेलमेट एवं सीट बेल्ट उपयोग पर जागरूकता, तथा यातायात नियमों के पालन हेतु विशेष अभियान शामिल हैं। उन्होंने संबंधित विभागों, यातायात पुलिस, परिवहन विभाग, शैक्षणिक संस्थानों एवं सामाजिक संगठनों से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए। 3 जनवरी को बस स्टैंड में बस चालक, कंडक्टर सहित परिवहन से संबंधित कर्मियों का स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक, जिला परिवहन पदाधिकारी, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य सहित संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




