युवक के शव की पहचान करने में जुटी, पहचान के बाद ही हत्या की गुत्थी सुलझेगी
जरमुंडी में 30 वर्षीय युवक की हत्या के बाद शव को धोबेय नदी के किनारे झाड़ियों में फेंका गया। युवक की पहचान नहीं हो पाई है, लेकिन एक हाथ में स्टार का टेटू है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर तीन दिन के लिए सुरक्षित रखा है और हत्या की गुत्थी सुलझाने में जुटी है।

जरमुंडी, प्रतिनिधि। 30 वर्षीय युवक की हत्या के बाद बासुकीनाथ-नोनीहाट मुख्य मार्ग पर धोबेय नदी के किनारे झाड़ियों में शव को फेंके जाने के मामले में अबतक मृतक की पहचान नहीं हो पाई है। युवक के एक हाथ में स्टार के टेटू बने हुए है। टेटू के आधार पर शव की पहचान करने में पुलिस जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि शव की पहचान होने के बाद ही हत्या की गुत्थी सुलझ पाएगी। बता दें कि गुरुवार की रात 30 वर्षीय युवक की हत्या कर शव को हंसडीहा थाना क्षेत्र अंतर्गत बासुकीनाथ -नोनीहाट मुख्य मार्ग पर धोबेय नदी के किनारे फेंक दिया गया था। तीन दिन बीत जाने के बाद भी अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस ने मृतक का पोस्टमार्टम कराकर शव को तीन दिन के लिए सुरक्षित रखा है।
पुलिस का प्रयास
इधर, जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह के नेतृत्व में पुलिस ने घटनास्थल के आसपास झाड़ियों को खंगाला। जरमुंडी एसडीपीओ नवल किशोर सिंह, हंसडीहा थाना की पुलिस के साथ घटनास्थल पर पहुंचे थे। इस दौरान हत्या में प्रयुक्त हथियार की तलाश एवं अन्य साक्ष्य की तलाश को लेकर झाड़ियों में काफी देर तक खोजबीन की गई, लेकिन हाथ कुछ भी नहीं लगा। पुलिस का अनुमान है कि युवक की हत्या करने में किसी पत्थर का इस्तेमाल किया गया है। हत्यारे ने हत्या के बाद पत्थर को आसपास की झाड़ियों में ही फेंक होगा। स्थल का निरीक्षण से अनुमान लगाया कि इसी स्थल पर हत्या की गई है। टीम लगातार युवक के शिनाख्त का प्रयास कर रही है। कयास लगाया जा रहा है कि युवक की साजिश के तहत हत्या की गई है। पुलिस तकनीक के सहारे मामले के उद्भेदन में लगी हुई है। पुलिस को आशंका है कि मृतक बिहार के बांका जिला या फिर भागलपुर जिला अन्तर्गत का होगा। पुलिस ने हंसडीहा के सीमावर्ती क्षेत्र से सटे बिहार के बांका जिला के बौंसी थाना,बांका थाना, बाराहाट सहित अन्य थानों को मृतक की तस्वीर भेज दी है।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


