
मकर संक्रांति पर शहर के मंदिरों में पूजा-अर्चना को लगी रही भीड़
दुमका जिले में मकर संक्रांति का पर्व दो दिन मनाया जा रहा है। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में पूजा की और नदी-तालाबों में स्नान किया। तांतलोई गर्म जलकुंड में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मेले में विभिन्न दुकानें थीं और पतंग प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। यह पर्व आस्था और परंपरा का अद्भुत संगम बना।
दुमका, प्रतिनिधि। दुमका जिले में मकर संक्रांति का पर्व दो दिवसीय मनाया जा रहा है। कुछ स्थानों पर 14 जनवरी बुधवार को, जबकि अन्य जगहों पर 15 जनवरी गुरुवार को यह पर्व मनाया जाएगा। इस अवसर पर मकर संक्रांति को लेकर दुमका शहर के मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। दुमका के धर्मस्थान मंदिर, शिवपहाड़ मंदिर सहित अन्य मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं का भीड़ लगी रही। वहीं श्रद्धालु नदी, तालाब एवं अपने घरों में स्नान कर भगवान को तील-गुड़ चढ़ाकर पूजा-अर्चना किया। इस दौरान सेल्फी लेने और रील्स बनाने वालों की संख्या भी काफी अधिक रही। सुबह से ही क्षेत्र में स्नान का सिलसिला शुरू हो गया था।
लोगों ने बड़े-बुजुर्गों का आशीर्वाद लिया और तिलवा लड्डू खाकर पर्व का आनंद लिया। कई रील और यूट्यूब बनाने वाले भी अपने वीडियो बनाने में व्यस्त दिखे। वहीं तातलोई मेला में सफाहोड़ आदिवासियों द्वारा पूजा-अर्चना कर मकर संक्रांति का त्योहार मनाने के साथ आसपास के ग्रामीण इलाकों में मकर संक्रांति का त्योहार शुरू हो गया हैं। मकर संक्रांति का पर्व हर साल 14 जरवरी को मनाया जाता हैं। मकर संक्रांति इस बार दो दिनों तक मनाई जाएगी। गुरुवार को भी अधिकांश लोग मकर संक्रांति मनाएंगें। रानेश्वर के तांतलोई गर्म जलकुंड में काफी संख्या में स्नान-ध्यान को पहुंचे लोग रानेश्वर, प्रतिनिधि। मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में बुधवार को तांतलोई गर्म जलकुंड में काफी संख्या में स्नान ध्यान को लेकर लोगों का जुटान हुआ। मकर संक्रांति पर झारखंड एवं पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इलाका रानेश्वर प्रखंड के टोंगरा थाना क्षेत्र स्थित तांतलोई गर्म जल कुंड में हर साल मेला का आयोजन की जाती है। अल सुबह से ही यहां लोगों की भीड़ उमड़ने लगी। लोगों ने यहां पहुंचकर गर्म जल कुंड में पुण्य स्नान किया। जलकुंड में स्नान कर यहां मौजूद तंतेश्वर शिवालय में पूजा-अर्चना किया। वहीं मेला में विभिन्न प्रकार के दुकानें सजी थी। मेला में रानेश्वर प्रखंड के अलावे कुंडहित, मसलिया एवं पश्चिम बंगाल के राजनगर थाना क्षेत्र के विभिन्न गांव से लोगों के भीड़ जुटी थी। मेला में भीड़ नियंत्रण को लेकर टोंगरा पुलिस सतर्क थी और शांति व्यवस्था कायम रखने में जुटी थी। इधर मकर संक्रांति को लेकर बुधवार को इलाके में उत्सवी माहौल रहा। लोग अल सुबह नदी, तालाब समेत विभिन्न जलश्रोत में पुण्य स्नान किया। विभिन्न देवालयों में पूजा-अर्चना किया। बंगला पंचांग के अनुसार मकर संक्रांति को पोष महीना समाप्त हो गया। गुरुवार से माघ महीना शुभारंभ हो जाएगा। उधर मकर संक्रांति के उपलक्ष्य में जयदेव पद्मावती, बक्रेश्वर, द्वारवासिनी में भव्य मेला लगी थी। लोग अल सुबह से ही पुण्य स्नान के लिए विभिन्न धार्मिक स्थल के लिए प्रस्थान किया। तातलोई में मकर संक्रांति पर उमड़ा आस्था का सैलाब, तीन दिवसीय मेले का हुआ भव्य आयोजन -सफाहोड़ समुदाय रातभर जागरण कर किया भजन-कीर्तन, सुबह गर्म जलकुंड में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की जामा, प्रतिनिधि। मकर संक्रांति के पावन अवसर पर जामा प्रखंड स्थित प्रसिद्ध तातलोई गर्म जलकुंड में श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला। पर्व के मौके पर हजारों श्रद्धालुओं ने अहले सुबह गर्म जलकुंड में डुबकी लगाकर पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की। इसके पूर्व सफाहोड़ समुदाय द्वारा रातभर भजन-कीर्तन व जागरण का आयोजन किया गया था। जागरण के पश्चात समुदाय के लोगों ने अहले सुबह गर्म जलकुंड में स्नान कर अपने इष्ट देवता की विधिवत पूजा-अर्चना की। स्नान के उपरांत तातलोई परिसर में पारंपरिक रूप से तीन दिवसीय मेले का आनंद लिया, जिसमें दूर-दराज के क्षेत्रों से आए लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। मेले में खान-पान, घरेलू उपयोग की वस्तुओं सहित विभिन्न प्रकार की दुकानों और मनोरंजन के साधनों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक ने मेले का भरपूर आनंद उठाया। मेले के दौरान प्रशासन की ओर से पतंग प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं और बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। जिससे प्रतिभागियों का मनोबल बढ़ा। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। मेले के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं प्रशासनिक कर्मियों की तैनाती की गई थी। कुल मिलाकर मकर संक्रांति के अवसर पर तातलोई में आयोजित यह मेला आस्था, परंपरा और मनोरंजन का यादगार संगम बन गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




