अंचल कार्यालय में जमीन विवाद को लेकर लिखित शिकायत, जांच की मांग

Apr 17, 2026 04:56 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दुमका
share

मसलिया अंचल क्षेत्र के पिछुली मौजा में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। श्रीधर किस्कु ने अंचलाधिकारी को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। उनका दावा है कि बाहरी व्यक्ति द्वारा उनकी जमीन पर कब्जा किया जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से उचित कार्रवाई की मांग की है ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके।

अंचल कार्यालय में जमीन विवाद को लेकर लिखित शिकायत, जांच की मांग

दलाही, प्रतिनिधि। मसलिया अंचल क्षेत्र के पिछुली मौजा में जमीन विवाद का मामला सामने आया है। इस संबंध में पिछुली रैयत श्रीधर किस्कु ने अंचलाधिकारी को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। आवेदन में उन्होंने बताया है कि संबंधित भूमि दाग संख्या 343 पुरातन पतित श्रेणी में आती है, जिस पर उनके दादा-परदादा के समय से कब्जा रहा है। उन्हें बंदोबस्त पट्टा के तहत लगभग 4 बीघा जमीन मिली थी और वे नियमित रूप से उसका लगान भी जमा करते आ रहे हैं। वर्षों से उक्त जमीन पर उनका भोग-दखल रहा है, जहां उन्होंने कच्चा मकान बनाकर निवास भी किया था।

हालांकि, अचानक आग लगने की घटना में जमीन का पट्टा जल गया, लेकिन लगान रसीदें उनके स्वामित्व का प्रमाण हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि वर्तमान में एक बाहरी व्यक्ति द्वारा उक्त जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। जमीन को कंटेनर तार से घेरकर वहां साइन बोर्ड लगा दिया गया है और जल्दबाजी में एक टिन का मकान भी बना लिया गया है। बोर्ड में उक्त भूमि को सनमत स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड मेडिकल रिसर्च सेंटर के लिए आवंटित बताते हुए नर्सिंग कॉलेज एवं मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल निर्माण की बात कही गई है। श्रीधर किस्कु ने बताया कि उन्होंने इस कार्य को रोकने का प्रयास भी किया, लेकिन कोई असर नहीं हुआ और निर्माण कार्य जारी है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि विवाद का स्थायी समाधान हो सके। साथ ही अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की भी अपील की है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कदम उठाता है और पीड़ित को कब तक न्याय मिल पाता है।--फोटो-17दुमका-202, कैप्सन-मसलिया में न्याय की गुहार लगाता आदिवासी परिवार

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।