कलश यात्रा के साथ शुरू हुआ सात दिवसीय श्री शिव महापुराण कथा ज्ञान यज्ञ
Mar 05, 2026 05:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, दुमका
रामगढ़ प्रखंड के ठाडीहाट में श्रीशिवमहापुराण कथा सप्ताह का शुभारंभ धूमधाम से कलश यात्रा के साथ हुआ। 108 माताएँ और बहनें अभिमंत्रित कलश लेकर भक्ति गीतों में लीन होकर यात्रा में शामिल हुईं। यह आयोजन 5 से 11 मार्च तक चलेगा, जिसमें कथाव्यास दुर्गेश नंदन जी महाराज प्रवचन देंगे।
रामगढ़, प्रतिनिधि। रामगढ़:रामगढ़ प्रखंड अंतर्गत ठाडीहाट मे गुरुवार को श्रीशिवमहापुराण कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का शुभारंभ कलश यात्रा के साथ हुआ। इस अवसर पर लोकमंगल के लिए धूमधाम से कलश शोभायात्रा निकाली गई।इस कलश यात्रा में 108 माताएँ व बहनों ने अपने सिर पर अभिमंत्रित आस्था के कलश धारण किए हुए थे। वे शिवशक्ति के भक्ति गीतों में लीन होकर चल रहे थे, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल से गूंज उठा। कलश यात्रा का प्रारम्भ आयोजन स्थल से लेकर विभिन्न मंदिरों से होते हुए पूरे ठाडीहाट भ्रमण कराया गया। पुनः कलश शोभा यात्रा आयोजन स्थल के पंडाल तक पहुंची।मुख्य यजमान के रुप मे ठाडीहाट निवासी राजकुमार सेन व उनकी धर्मपत्नी ज्योतिरानी सेन हैं।कथा वाचक के रुप मे श्रीधाम वृंदावन से पधारे दुर्गेश नंदन जी महाराज हैं। शिव महापुराण कथा का आयोजन 5 मार्च से 11 मार्च तक किया जायेगा। 12 मार्च शुक्रवार को हवन प्रातः 8 बजे से तथा भंडारा दोपहर 12 से प्रभु इच्छा तक आयोजित किया जाएगा। कथाव्यास दुर्गेश नंदन महाराज ने अपने प्रवचन में कहा कि श्री शिव महापुराण कथा का आयोजन और श्रवण जन्म-जन्मांतर के पुण्यों से प्राप्त होता है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से धर्म और भक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।इस अवसर पर आयोजन समिति की ओर से सभी उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया गया। यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी रही। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर शिव भजनों पर झूमती नजर आईं। बग्गी पर विराजमान कथाव्यास दुर्गेश नंदन महाराज श्रद्धालुओं का अभिवादन कर रहे थे। मौके पर समस्त ठाडीहाट ग्रामवासियों का सहयोग रहा।
लेखक के बारे में
Hindustanहिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



