उपायुक्त ने की आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक
दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारियों को राशन उठाव और वितरण में समयबद्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। लाभुकों को पूरी मात्रा में राशन देने और गोदामों का निरीक्षण करने के लिए अधिकारियों को सक्रियता से कार्य करने को कहा गया।

दुमका। समाहरणालय सभागार में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा की अध्यक्षता में आपूर्ति विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कहा कि राशन का उठाव एवं वितरण समय पर हो, इसे प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी हर हाल में सुनिश्चित करें। किसी भी परिस्थिति में लाभुकों के बीच निर्धारित मात्रा से कम राशन का वितरण नहीं किया जाए। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि जन वितरण प्रणाली से मिलने वाले सभी लाभ योग्य लाभुकों तक समय पर पहुंचें, यह अधिकारियों की जिम्मेदारी है। उपायुक्त ने कहा कि सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम योग्य व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी सक्रियता के साथ कार्य करें।
उन्होंने निर्देश दिया कि प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नियमित रूप से गोदामों का निरीक्षण करें तथा यदि कहीं कोई कमी या समस्या हो तो उसे तत्काल दूर करने की दिशा में कार्रवाई करें। बैठक में उपायुक्त ने यह भी कहा कि प्रखंड स्तर के अन्य अधिकारियों के साथ आपूर्ति विभाग का समन्वय बेहतर बना रहे, ताकि योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने निर्देश दिया कि गोदामों की स्थिति अच्छी रहे तथा कहीं भी गोदाम खराब स्थिति में न रहें, इसे सुनिश्चित किया जाए। इसके अतिरिक्त उपायुक्त ने डाकिया योजना के तहत दी जाने वाली खाद्यान्न का वितरण भी निर्धारित मात्रा में एवं समय पर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लाभुकों को योजनाओं का पूरा लाभ मिले, इसके लिए सभी पदाधिकारी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


