ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड दुमकाआरा में टेंपो पलटने से दुमका के व्यक्ति की मौत

आरा में टेंपो पलटने से दुमका के व्यक्ति की मौत

जिले में कोईलवर-छपरा मुख्य मार्ग पर बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा प्लांट के समीप मंगलवार को सवारियों से भरा टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट...

आरा में टेंपो पलटने से दुमका के व्यक्ति की मौत
हिन्दुस्तान टीम,दुमकाTue, 11 Sep 2018 09:58 PM
ऐप पर पढ़ें

जिले में कोईलवर-छपरा मुख्य मार्ग पर बड़हरा थाना क्षेत्र के बबुरा प्लांट के समीप मंगलवार को सवारियों से भरा टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। इसमें टेम्पो पर सवार एक युवक की मौत हो गई। वहीं उसके साले सहित तीन लोग जख्मी हो गये। इनमें दो महिलाएं शामिल हैं। गंभीर रूप से जख्मी तीनों घायलों का इलाज आरा सदर अस्पताल में कराया गया। हादसे के बाद चालक टेम्पो लेकर फरार हो गया। मृतक मूल रूप से झारखंड राज्य के दुमका जिले के मोटंगा गांव निवासी फूलचंद राय का पुत्र मनोज कुमार है। वहीं उसका जीजा सारण जिले के डोरीगंज थाना क्षेत्र के बिंदगांवा गांव निवासी धनराज राय है। दोनों झारखंड के दुमका में खटाल चलाते हैं। जानकारी के अनुसार मंगलवार की सुबह धनराज राय अपने साला मनोज कुमार के साथ आरा स्टेशन पर उतरा। वहां से वे वाहन द्वारा कोईलवर होते बबुरा गये। इसी बीच बबुरा प्लांट के समीप ऑटो के आगे अचानक मवेशी आ गयी। इस दौरान ऑटो मवेशी से टकराकर पलट गया। हादसे के दौरान ऑटो पर सवार धनराज, उसका साला मनोज कुमार व दो अन्य महिलाएं बुरी तरह घायल हो गयीं। गंभीर रूप से जख्मी धनराज व मनोज को कोईलवर पीएचसी ले जाया गया, जहां से दोनों को सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मनोज कुमार ने दम तोड़ दिया।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें