Dumka News: पर्व-त्योहार में भी नहीं हुई सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत, कैसे होगी शहर की निगरानी
Dumka News: -दुमका शहर में आधे से अधिक कैमरे खराब, विधि-व्यवस्था की निगरानी पर उठ रहे सवालपर्व-त्योहार में भी नहीं हुई सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत, कैसे होगी शहर की

Dumka News: दुमका शहर में दुर्गापूजा जैसे महत्वपूर्ण पर्व-त्योहार के दौरान भी खराब पड़े सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत नहीं कराई जा सकी है। शहर के विभिन्न चौक-चौराहों और प्रमुख स्थानों पर लगाए गए 210 सीसीटीवी कैमरे में से 125 सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हैं। अब उक्त कैमरे केवल शो-पीस बनकर रह गए है। यहां तक की कोर्ट कैम्पस के आसपास भी कई सीसीटीवी कैमरे खराब पड़े हुए है। ऐसे में शहर की विधि-व्यवस्था की निगरानी और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखने की व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं। दुर्गापूजा के दौरान शहर के बाजारों और पूजा पंडालों में लोगों की भीड़ बढ़ जाती है।
इस दौरान चोरी, छिनतई और अन्य आपराधिक घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है। ऐसी स्थिति में सीसीटीवी कैमरे पुलिस के लिए निगरानी का महत्वपूर्ण माध्यम साबित होते हैं। कैमरों के चालू रहने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ-साथ किसी घटना के बाद आरोपियों की पहचान करने और जांच में भी मदद मिलती है। इसके बावजूद शहर में खराब पड़े कैमरों को दुरुस्त कराने की दिशा में अपेक्षित पहल नहीं होने से निगरानी व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है। प्रमुख चौक-चौराहों पर कैमरे खराब रहने से पुलिस को कई स्थानों की गतिविधियों पर नजर रखने में परेशानी हो सकती है।वहीं, किसी आपराधिक घटना के बाद सीसीटीवी फुटेज नहीं मिलने से जांच भी प्रभावित हो सकती है। शहर में सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था को दुरुस्त करना इसलिए भी जरूरी है, क्योंकि त्योहारों के दौरान बाजारों में भीड़ और वाहनों का दबाव बढ़ जाता है। ऐसे में कैमरों की मदद से यातायात और भीड़ प्रबंधन की निगरानी भी की जा सकती है। अब सवाल यह है कि जब पर्व-त्योहार के समय भी सीसीटीवी कैमरों की मरम्मत नहीं हो सकी, तो शहर की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था कैसे होगी।

