गोपीकांदर में दो कोयला लोड हाइवा की हुई टक्कर, चालक घायल
सोमवार को गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के गाड़ियापानी फुटबॉल मैदान के पास दो कोयला लदे हाइवा आपस में टकरा गए। इस हादसे में एक चालक लाल मोहम्मद अंसारी घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने फरार हाइवा की तलाश शुरू कर दी है।

गोपीकांदर, प्रतिनिधि। गोविंदपुर-साहिबगंज स्टेट हाईवे पर गोपीकांदर थाना क्षेत्र के गाड़ियापानी फुटबॉल मैदान के समीप सोमवार को दो कोयला लदे हाइवा आपस में टक्कर हो गई। हादसे में एक हाइवा चालक घायल हो गया। घायल चालक लाल मोहम्मद अंसारी ने बताया कि वह जेएच-16एफ 7850 नंबर के हाइवा लेकर दुमका कोयला रैक प्वाइंट से खाली कर आमड़ापाड़ा बीजीआर कंपनी के आलूबेड़ा साइट पर कोयला लोड करने जा रहा था। गाड़ियापानी मैदान के पास कतार में चलते समय आगे चल रहे हाइवा ने अचानक ब्रेक लगा दिया, जिससे पीछे से उसका हाइवा से टक्कर हो गई। टक्कर से केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गयी और स्टेयरिंग से टकराने के कारण चालक के छाती में चोट आई है।
घायल को गोपीकांदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टर पंचम लाल ने प्राथमिक उपचार के बाद छाती में चोट को देखते हुए चेस्ट एक्स-रे के लिए फूलो-झानो मेडिकल कॉलेज अस्पताल, दुमका रेफर कर दिया। लाल मोहम्मद अंसारी ने बताया कि टक्कर मारने वाला हाइवा घटनास्थल से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही गोपीकांदर थाना प्रभारी सुमित कुमार भगत मौके पर पहुंचे। पुलिस मामले की जांच कर फरार हाइवा की तलाश में जुट गई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


