ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News झारखंड दुमकालूटतंत्र समाप्त कर ही दम लेंगे भाजपा कार्यकर्ता:बाबूलाल मरांडी

लूटतंत्र समाप्त कर ही दम लेंगे भाजपा कार्यकर्ता:बाबूलाल मरांडी

दुमका। वरीय संवाददाता पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने...

लूटतंत्र समाप्त कर ही दम लेंगे भाजपा कार्यकर्ता:बाबूलाल मरांडी
हिन्दुस्तान टीम,दुमकाWed, 04 Aug 2021 04:22 AM
ऐप पर पढ़ें

दुमका। वरीय संवाददाता

पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार को लूटतंत्र की सरकार बताते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता इस लूटतंत्र को समाप्त करके ही दम लेंगे। दुमका के फूलो-झानो चौक पर भाजपा के 120 घंटे के सत्याग्रह आंदोलन के समापन के अवसर पर मंगलवार को अपने संबोधन में श्री मरांडी ने कहा कि यह आंदोलन की शुरुआत है। अब भाजपा कार्यकर्ता इस आंदोलन को गांवों तक ले जाएंगे। बाबूलाल मरांडी ने कहा कि जब तक सोरेन परिवार को संताल परगना से खदेड़ा नहीं जाएगा तब तक यहां का विकास नहीं हो सकता है। उन्होंने कहा कि संताल परगना का विकास तब होता है जब राज्य में भाजपा की सरकार रहती है। उन्होंने संताल परगना में एम्स और दुमका में मेडिकल कॉलेज का उदाहरण देते हुए कहा कि दोनों मेडिकल कॉलेज भाजपा सरकार की देन है। उन्होंने इस बात पर दुख जताया कि जैसे ही झामुमो की सरकार बनी,विकास ठप कर दिया गया। एम्स के ओपीडी का उद्घाटन नहीं होने दिया गया और दुमका में मेडिकल कालेज में नामांकन बंद हो गया। बाबूलाल मरांडी ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर निशाना साधते हुए कहा कि मुख्यमंत्री राजनीति में बड़ी-बड़ी बातें करते हैं पर दुमका के एक अस्पताल को ठीक नहीं रख सके। श्री मरांडी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनेगी तो यहां ऐसा अस्पताल बनेगा कि बाहर से लोग इलाज कराने दुमका आएंगे।

‘शिकारीपाड़ा में हो रही प्रतिदिन 50 लाख उगाही

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने दुमका में हो रहे खनिज सम्पदा की लूट की चर्चा करते हुए आरोप लगाया कि सोरेन परिवार केवल वसूली करने के लिए दुमका आता है। उन्होंने कहा कि सरकार का काम लूट को रोकना और अपराधियों को पकड़ना है। पर यहां उल्टा हो रहा है। मरांडी ने कहा कि उन्हें जानकारी मिली है कि शिकारीपाड़ा में गिट्टी,बालू और कोयला से प्रतिदिन 50 लाख रुपए की उगाही हो रही है। पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सत्याग्रह कार्यक्रम के समापन के अवसर पर पत्रकारों के साथ बातचीत में कहा कि बंगालादेशी घुसपैठिए दुमका के तालझारी में अवैध रुप से जन्म प्रमाण पत्र बनवा रहे हैं। उन्होंने कहा इसे रोकना सरकार का काम है। अगर यह सरकार नहीं रोकती है तो जब भाजपा की सरकार बनेगी तो सभी बंगलादशी घुसपैठियों को भाजपा सरकार निकाल बाहर करेगी।

अब चुप नहीं बैठेंगे भाजपा कार्यकर्ता:डॉ.लुईस मरांडी

भाजपा जिला अध्यक्ष निवास मंडल की अध्यक्षता में आयोजित सत्याग्रह कार्यक्रम को पूर्व मंत्री डॉ.लुईस मरांडी सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। डॉ.लुईस मरांडी ने कहा कि हेमंत सोरेन सरकार ने सारे विकास के कार्यों को ठप कर दिया है। भाजपा कार्यकर्ता अब चुप नहीं बैठेंगे। डॉ.मरांडी ने 120 घंटे के सत्याग्रह कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया। कार्यक्रम में सत्यानंद झा बाटुल,अमिता रक्षित,गौरवकांत,पिन्टू अग्रवाल,मुकेश अग्रवाल,अमित रक्षित और विवेकानंद राय सहित अच्छी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें