Dumka News: बाल विवाह रोकथाम के लिए जागरूकता शिविर आयोजित
Dumka News: जरमुंडी प्रखंड में बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने के लिए जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अदिति संस्था ने निगरानी समिति बनाई और बाल विवाह के दुष्परिणामों पर चर्चा की। वक्ताओं ने शिक्षा और खेल के महत्व को बताया। कार्यक्रम में स्थानीय युवाओं और किशोरों को प्रेरित किया गया कि वे कौशल विकास और खेल में भाग लें।

Dumka News: जरमुंडी, प्रतिनिधि। जरमुंडी प्रखंड अंतर्गत चोरखेदा पंचायत के विशनपुर ग्राम में बाल विवाह मुक्त पंचायत बनाने के उद्देश्य से जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अदिति संस्था की पंचायत समन्वयक रिंकी दीदी ने बाल विवाह की रोकथाम को लेकर एक निगरानी समिति का गठन किया तथा समिति के सदस्यों को उनके कार्य एवं दायित्वों की विस्तार से जानकारी दी गई। इस अवसर पर अदिति संस्था के प्रखंड समन्वयक विवेकानंद पाठक ने कहा कि किशोर-किशोरियों को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए शिक्षा, कौशल विकास और खेल महत्वपूर्ण साधन हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा प्रभावित न हो, इसके लिए बाल विवाह के साथ-साथ कम उम्र में होने वाले पलायन को रोकने की दिशा में भी सामूहिक प्रयास आवश्यक है।
बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता
खेल प्रशिक्षक अनिल मुर्मू ने युवाओं को खेल से जोड़ने तथा आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संचालित कमल क्लब के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने किशोर-किशोरियों को खेल के माध्यम से अपनी प्रतिभा विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित आदिवासी समुदाय के लोगों को संथाली भाषा में बाल विवाह के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। वक्ताओं ने कहा कि बाल विवाह से बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और भविष्य प्रभावित हो सकता है। इसलिए समाज के सभी लोगों को मिलकर बाल विवाह की रोकथाम के लिए जागरूकता फैलानी चाहिए।
पलायन और बाल मजदूरी पर जोर
वहीं पलायन रोकने पर भी विशेष जोर दिया गया। इस दौरान स्थानीय स्तर पर बाल मजदूरी पर भी रोक लगाने की बात कही। ताकि किशोर-किशोरियों की शिक्षा बाधित न हो। कार्यक्रम में यह संदेश दिया गया कि 18 वर्ष से अधिक उम्र के युवक-युवतियां कौशल विकास कार्यक्रमों से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बनाने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। कार्यक्रम में ग्रामीणों, किशोर-किशोरियों एवं निगरानी समिति के सदस्यों सहित स्थानीय लोगों की सहभागिता रही।


