सिदो कान्हू उच्च विद्यालय में आयोजित हुआ सड़क सुरक्षा को लेकर जागरूकता कार्यक्रम
दुमका के सिदो कान्हू उच्च विद्यालय में सड़क सुरक्षा माह के तहत एक जागरूकता अभियान का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जिला परिवहन पदाधिकारी ने छात्रों को सड़क सुरक्षा नियमों के महत्व के बारे में बताया। नाटक के माध्यम से छात्रों ने सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने का संदेश दिया।

दुमका, प्रतिनिधि। सिदो कान्हू उच्च विद्यालय में सड़क सुरक्षा माह के तहत छात्र-छात्राओं एवं आम जनों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से एक विशेष जागरूकता अभियान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में जिला परिवहन पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार एवं सड़क सुरक्षा प्रभारी दीपक कुमार उपस्थित थे। इस कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं द्वारा सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा थीम पर एक बेहतरीन नाटक प्रस्तुत किया गया। जिसके माध्यम से सभी को सीट बेल्ट लगाकर गाड़ी चलाना, गाड़ी चलाते समय हमेशा हेलमेट का उपयोग करना, ट्रैफिक के सभी नियमों का पालन करना, शराब पीकर एवं मोबाइल चलाकर गाड़ी ना चलाना, तेज गति से वाहन ना चलाना तथा यातायात के सभी नियमों का उचित पालन करने का संदेश दिया।
इस जागरूकता अभियान के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी द्वारा विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा नियमों की जानकारी दी गई तथा हेलमेट, सीट बेल्ट, निर्धारित गति सीमा और यातायात संकेतों के महत्व को सरल भाषा में समझाया गया। उन्होंने कहा कि दुमका जिला में बहुत कम लोग हेलमेट का प्रयोग करते हैं, जो कि एक चिंताजनक स्थिति है। उन्होंने कहा कि हेलमेट पहनना न केवल कानूनन आवश्यक है, बल्कि यह हमारी सुरक्षा के लिए भी बहुत जरूरी है। उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे हेलमेट पहनने की आदत डालें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें। अभियान के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि थोड़ी सी सावधानी, नियंत्रित गति और यातायात नियमों का पालन कर अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। इस अवसर पर विद्यालय के सचिव प्रदीप्त मुखर्जी, निर्देशिका सुनीता मुखर्जी, प्राचार्य इंद्रजीत प्रसाद भगत सिदो कान्हू सीनियर सेकेंडरी के प्राचार्य देवप्रिय मुखर्जी, शिक्षक राजेश कुमार एवं शिक्षिका रागिनी शर्मा एवं अन्य शिक्षक शिक्षकों उपस्थित थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




